कहरा (सहरसा) से अमर कुमार चौधरी की रिपोर्ट
Saharsa News: सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए अब लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. सहरसा के कहरा प्रखंड अंतर्गत सिरादेय पट्टी पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में ऐसा ही नजारा देखने को मिला. यहां प्रशासन ने पहले से प्राप्त सभी 85 आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन कर लाभुकों को मौके पर ही प्रमाण पत्र सौंप दिए. शिविर में पहुंचे जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पंचायत स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए.
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की. अधिकारियों ने मौके पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों का तत्काल समाधान किया.
डीएम और एसपी ने किया सहयोग शिविर का उद्घाटन
कहरा प्रखंड के सिरादेय पट्टी पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग, बीडीओ अभिलाषा पाठक, प्रखंड प्रमुख रचना प्रकाश और मुखिया रामचंद्र साह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया और लोगों से बातचीत कर शिविर की व्यवस्था की जानकारी ली.
Saharsa News: 85 आवेदनों का हुआ शत-प्रतिशत निष्पादन
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर सिरादेय पट्टी पंचायत से कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए थे. प्रशासन ने सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत निष्पादन कर दिया है.
शिविर के दौरान सभी लाभुकों को उनके निष्पादित आवेदनों से संबंधित प्रमाण पत्र अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के हाथों प्रदान किए गए. इससे लाभुकों के चेहरे पर संतोष दिखाई दिया.
पंचायत स्तर पर ही मिल रहा समाधान
डीएम ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़े.
उन्होंने कहा कि इस पहल से समय और संसाधनों दोनों की बचत हो रही है. साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक तेजी से पहुंचाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: बिना पटना जंक्शन गए पहुंचेंगे बिहारशरीफ, नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन का काम पूरा
ग्रामीणों ने सराहा प्रशासन का प्रयास
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया.
ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर इस तरह के सहयोग शिविर आयोजित करने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे सरकारी सेवाएं लोगों के दरवाजे तक पहुंच रही हैं. कार्यक्रम में उप मुखिया सुभाष यादव, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पंचायतवासी मौजूद रहे.
Also Read: बिहार की 1.5 लाख छात्राओं को मिलेगा 50000 का तोहफा, जानें कब आएगा पैसा
