पत्नी की हत्या कर घर बंद कर फरार हुआ पति, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां का साया

Saharsa Crime News: सहरसा के पंचवटी मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. घरेलू विवाद के बाद पति पर पत्नी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है. वारदात के बाद आरोपी घर को बाहर से बंद कर फरार हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

सहरसा से विनय कसौधन की रिपोर्ट

Saharsa Crime News: सदर थाना क्षेत्र के पंचवटी मोहल्ले में गुरुवार रात घरेलू कलह ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि पति सोनू शर्मा ने अपनी 33 वर्षीय पत्नी सोनी देवी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

छह महीने से किराये के मकान में रह रही थी सोनी देवी

जानकारी के अनुसार मृतका पिछले छह महीने से पंचवटी चौक स्थित एक किराये के मकान में रह रही थी. वह लोगों के घरों में चौका-बर्तन का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी. स्थानीय लोगों के मुताबिक चार-पांच दिन पहले उसका पति सोनू शर्मा भी उसके पास आकर रहने लगा था.

रात में हुआ विवाद, सुबह खुला हत्या का राज

बताया जाता है कि गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया. आरोप है कि इसी दौरान सोनू शर्मा ने सोनी देवी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गया.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने घर से कोई गतिविधि नहीं होने पर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

अवैध संबंध को लेकर होता था विवाद!

मृतका के परिजनों का आरोप है कि सोनू शर्मा का दिल्ली में एक महिला के साथ संबंध था. इसी कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. हालांकि पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है.

दो छोटे बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतका अपने पीछे छह और चार वर्ष के दो छोटे बेटे छोड़ गई है. मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों और आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश है.

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस फरार आरोपी पति की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

Also Read: पटना जंक्शन समेत इन 10 स्टेशनों पर नई सुविधा, हावड़ा की तरह बनेगा कैब रोड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >