सहरसा में जमीन विवाद में युवक को मारी गोली, रात 2 बजे हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी

Saharsa Crime News: सहरसा में जमीन विवाद ने फिर लिया हिंसक मोड़. रात के अंधेरे में जमीन देखने पहुंचे युवक पर चली गोली, जांघ में लगी गोली के बाद इलाके में मचा हड़कंप.

Saharsa Crime News: सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है. सोमवार देर रात वार्ड संख्या 08 निवासी मो. लाडले खान को गोली मार दी गई. गोली उनकी जांघ में लगी, जिसके बाद उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए सहरसा भेजा गया. घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

रात में जमीन देखने पहुंचे, घात लगाकर बैठे लोगों ने चलाई गोली

परिजनों के अनुसार घटना रात करीब 2 बजे की है. घायल युवक के भाई आसिफ खान ने बताया कि लाडले खान को सूचना मिली थी कि उनकी जमीन पर कुछ लोग रात के समय अतिक्रमण कर निर्माण कार्य करा रहे हैं. सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे.

आरोप है कि वहां पहले से मौजूद लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी. गोली कमर के नीचे जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

चार कट्ठा जमीन को लेकर पहले से चल रहा था विवाद

घायल के भाई मोने खान ने बताया कि करीब चार कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद को लेकर पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं.

परिजनों ने रूहुल्लाह खान और हिना खान पर गोलीबारी कराने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि विवादित जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से तनाव बना हुआ था और उसी का परिणाम यह घटना है.

घटनास्थल से मिले दो खोखा, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही नवहट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं. इसके आधार पर मामले की तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है.

नवहट्टा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सहरसा भेजा गया है. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है.

आवेदन का इंतजार, गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

पुलिस के अनुसार समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. परिजनों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: पीएम मोदी और राष्ट्रपति को भेजे जाएंगे बिहार के जर्दालू आम, बिहटा के रेडिएशन सेंटर पहुंचीं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >