शोभायात्रा के दौरान चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस बल की तैनाती : एसपी
आपसी भाइचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील
सिमरी बख्तियारपुर. मंगलवार को एसपी हिमांशु बख्तियारपुर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने देर शाम रामनवमी पर्व को लेकर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की. बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक ने की. जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे. बैठक के दौरान रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी. अधिकारियों ने सभी मौजूद लोगों से आपसी भाइचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की. साथ ही लोगों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके. जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण को लेकर भी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जायेंगे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. एसपी ने कहा कि रामनवमी पर्व को लेकर निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान चप्पे चप्पे पर पुलिस बलों की तैनाती की जायेगी. बैठक में एडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार के साथ साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी व पुलिस कर्मी मौजूद रहे.
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.