पोस्टमास्टर जेनरल ने किया प्रशासनिक निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण सेवा और व्यवसाय विस्तार पर दिया जोर

पोस्टमास्टर जनरल पवन कुमार सिंह ने सहरसा हेड पोस्ट ऑफिस का निरीक्षण किया. उन्होंने डाकघरों की कार्यप्रणाली, ग्राहक सेवा, बचत योजनाओं और व्यवसाय वृद्धि की समीक्षा की. डाक सेवाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया.

Saharsa Head Post Office: सहरसा. पोस्टमास्टर जेनरल, मुजफ्फरपुर पवन कुमार सिंह ने गुरुवार को सहरसा हेड पोस्ट ऑफिस का प्रशासनिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने डाकघर की विभिन्न शाखाओं का जायजा लेते हुए कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया.

कार्यप्रणाली और योजनाओं की हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान पीएमजी ने ग्राहक सेवा, डाक विभाग की विभिन्न बचत एवं बीमा योजनाओं के संचालन तथा व्यवसाय वृद्धि से जुड़े कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए और आमजन को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं.

हर वर्ष होता है प्रशासनिक निरीक्षण

पीएमजी पवन कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय की टीम प्रतिवर्ष होने वाले प्रशासनिक निरीक्षण के तहत सहरसा डिवीजन पहुंची है. इसका उद्देश्य डिवीजन की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करना और नियमित निगरानी के माध्यम से सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना है.

डाक सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर

उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करना, डाक विभाग के व्यवसाय का विस्तार करना तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं को डाकघरों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. इसी उद्देश्य से पिछले दो दिनों के दौरान डिवीजन के कई डाककर्मियों के साथ बैठक कर उनके कार्यों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस में देशभर में चौथा स्थान

पीएमजी ने सहरसा डिवीजन द्वारा पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस के क्षेत्र में देशभर में चौथा स्थान हासिल करने पर डिवीजन के अधीक्षक मनोज कुमार की सराहना की. उन्होंने कहा कि टीम को बेहतर नेतृत्व और प्रेरणा देने का श्रेय डिवीजनल हेड को जाता है. उनके नेतृत्व में पूरी टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.

बेहतर उपलब्धियों की जताई उम्मीद

Saharsa Head Post Office: उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में सहरसा डिवीजन डाक सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवसाय वृद्धि के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा आम लोगों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >