संसद भवन के मकर द्वार पर चाय पार्टी पर भाजपा का हमला सहरसा . लोकसभा के बजट सत्र के दौरान संसद भवन के मकर द्वार के बाहर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के करीब 20 सांसदों द्वारा चाय-बिस्किट के साथ चाय पार्टी आयोजित किए जाने को लेकर सोमवार को भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई. भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक बताया. भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है, जिसकी गरिमा और मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है. उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से संसद परिसर को एक प्रकार से “पार्लियामेंट पिकनिक स्पॉट” बनाने का प्रयास किया गया है.भाजपा महामंत्री शिवभूषण सिंह ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष द्वारा मकर द्वार पर किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन या गतिविधि पर स्पष्ट रोक लगाई गई है. इसके बावजूद विपक्षी सांसदों का वहां बैठकर विरोध प्रदर्शन करना संसदीय नियमों और अध्यक्ष के निर्देशों की खुली अवहेलना है. उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष देश में रसोई गैस की कथित कमी को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहा है, जबकि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रत्येक नागरिक तक ऊर्जा सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. भाजपा उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देशहित और जनहित के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष इस प्रकार के राजनीतिक कार्यक्रमों के माध्यम से केवल भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है. इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री भैरवानंद झा, जिला आईटी सेल प्रभारी अभिषेक पांडेय और शशि सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे. फोटो – सहरसा 05 – जानकारी देते जिलाध्यक्ष व अन्य
संसद की गरिमा से खिलवाड़ः साजन शर्मा
संसद की गरिमा से खिलवाड़ः साजन शर्मा
