सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Panchayat Vikas Diwas: पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को सहरसा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान जीविका दीदियों के नेतृत्व में प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को शराबबंदी, नशामुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया. नवहट्टा प्रखंड की खड़का तेलवा पंचायत सहित कई पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और नशे से दूर रहने का सामूहिक संकल्प लिया.
प्रभात फेरी के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
रविवार सुबह जीविका दीदियां गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों से प्रभात फेरी निकालते हुए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराती रहीं. इस दौरान उन्होंने मद्य निषेध कानून के समर्थन में नारे लगाए और ग्रामीणों से शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की. प्रभात फेरी में महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
शराबबंदी कानून के पालन की दिलाई शपथ
अभियान के दौरान जीविका दीदियों ने ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई. उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है. इसलिए सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया.
गांव-गांव तक पहुंचाया गया जनजागरण अभियान
Panchayat Vikas Diwas: नवहट्टा प्रखंड की खड़का तेलवा पंचायत सहित कई पंचायतों में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य गांव-गांव तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना था. जीविका दीदियों ने घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और बताया कि शराबबंदी कानून का पालन करना समाज के हित में है. उन्होंने महिलाओं से भी अपील की कि वे अपने परिवार को नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं.
सामाजिक बदलाव में जीविका दीदियों की अहम भूमिका
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी ने सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है. पंचायत विकास दिवस पर आयोजित इस अभियान ने ग्रामीणों में नशामुक्त समाज की दिशा में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य किया.
