Nasha Mukt Kosi Campaign: कोसी क्षेत्र में चलाए जा रहे 'नशा मुक्त कोसी' अभियान के तहत सहरसा, सुपौल और मधेपुरा पुलिस ने चार जुलाई से 10 जुलाई तक विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और वाहन जब्त किए गए. पुलिस ने 15 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
एक सप्ताह में भारी मात्रा में शराब और नशीले पदार्थ जब्त
पुलिस उप-महानिरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार विशेष अभियान के दौरान 1008.935 लीटर अवैध शराब, 0.180 किलोग्राम गांजा, 14.93 ग्राम स्मैक, 212.5 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप तथा 712 एमएल नशीला इंजेक्शन बरामद किया गया.
वाहन, हथियार और कारतूस भी हुए जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 10 मोटरसाइकिल, तीन चारपहिया वाहन, एक ट्रक, एक मोबाइल, एक बैंक पासबुक, एक एटीएम कार्ड, दो देशी कट्टा, एक देशी मस्केट, 11 जिंदा कारतूस तथा एक लोहे की भट्ठी भी जब्त की. अवैध शराब के मामले में 11 तथा मादक पदार्थ के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.
अभियान शुरू होने के बाद बड़ी उपलब्धि
Nasha Mukt Kosi Campaign: डीआईजी कार्यालय के अनुसार फरवरी 2026 में अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 50,217.015 लीटर अवैध शराब, 2337.52 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप, 3974.257 किलोग्राम गांजा, 4137.152 ग्राम स्मैक, 8198 एमएल नशीला इंजेक्शन और 325 नशीली गोलियां बरामद की जा चुकी हैं.
इसके अलावा अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में हथियार, वाहन, नाव, मोबाइल, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड तथा 52.83 लाख रुपये से अधिक भारतीय और नेपाली मुद्रा भी जब्त की गई है. अब तक कुल 1336 तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
सूचना देने वालों को मिलेगा पुरस्कार
डीआईजी कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से दें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. महत्वपूर्ण एवं उपयोगी सूचना देने वालों को पुलिस उप-महानिरीक्षक, कोसी क्षेत्र, सहरसा की ओर से पुरस्कृत भी किया जाएगा.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
