सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा). भारत विकास परिषद महर्षि अरविंद शाखा, सिमरी बख्तियारपुर, उत्तर बिहार प्रांत के तत्वावधान में टैगोर पब्लिक स्कूल परिसर में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में क्षेत्र के चार विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. महंत नारायण दास प्लस टू उच्च विद्यालय चकभारो ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया. टैगोर पब्लिक स्कूल द्वितीय तथा ज्ञान गंगा चिल्ड्रेन एकेडमी तृतीय स्थान पर रहा.
वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुआ शुभारंभ कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं युगपुरुष स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया. इसके बाद विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया. प्रतियोगिता शुरू होने से पूर्व विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के नियमों एवं मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी दी गयी. निर्णायक मंडल में सनोज कुमार, राम सागर राय एवं नीलू झा शामिल रहे. विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत समूहगान प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं.
प्रतिभागियों को शील्ड व मेडल से किया सम्मानित प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों के साथ सभी प्रतिभागियों को शील्ड एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन टैगोर पब्लिक स्कूल के प्राचार्य प्रमोद भगत ने किया. कार्यक्रम में बीडीओ सह बीइओ मोहन कुमार भी मौजूद रहे. उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए. उन्होंने बच्चों को मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल से दूर रहने तथा पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी.
परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद, डॉ आनंद भगत, वरिष्ठ सदस्य डॉ भागेश्वर मिश्र, पूर्व अध्यक्ष कमलेश्वरी बढ़ई, पूर्व शाखा सचिव श्रवण कुमार भगत, कमलेश वर्मा, ओमप्रकाश भगत, शाखा सचिव शत्रुघ्न प्रसाद, अनिल कुमार, उदय कुमार, नितेश कुमार, अमर कुमार एवं रवि जायसवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.
