सहरसा . कोशी विकास संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष विनोद कुमार झा व संरक्षक प्रवीण आनंद ने कहा कि बीते नौ वर्षों से कोशी प्रक्षेत्र में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्था की स्थापना को लेकर लगातार संघर्ष किया जा रहा है. यह विषय सुप्रीम कोर्ट में भी विचाराधीन है व सरकार द्वारा घोषित दरभंगा एम्स की परियोजना मिट्टी जांच रिपोर्ट व भूगर्भीय समस्याओं के कारण अब तक ठप पड़ी है. उन्होंने कहा कि कोशी अंचल के तीन करोड़ से अधिक लोग अत्यंत पिछड़े स्वास्थ्य ढांचे से जूझ रहे हैं. कैंसर, किडनी, हृदय रोग, मातृ-मृत्यु एवं नवजात शिशु मृत्यु दर यहां बेहद चिंताजनक स्तर पर है. ऐसे में एम्स सहरसा की मांग केवल राजनीतिक नहीं, मानवाधिकार व जनस्वास्थ्य का मुद्दा है. राज्यसभा सांसद संजय झा ने भी सहरसा के पक्ष में राज्यसभा में तार्किक व सशक्त आवाज़ उठाई है. प्रवीन आनंद ने बताया कि कोशी क्षेत्र के लोग लंबे समय से एक उच्चस्तरीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की मांग कर रहे हैं जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पटना एवं दिल्ली की निर्भरता खत्म हो. कोशी विकास संघर्ष मोर्चा ने निर्णय लिया है कि 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मधुबनी आगमन पर उन्हें एक सांकेतिक पत्र सौंपा जाएगा. जिसमें सहरसा में एम्स की स्थापना की मांग को प्रमुखता से रखा जाएगा. प्रवीन आनंद ने कहा कि अब समय आ गया है कि केंद्र सरकार कोशी की वास्तविक जरूरतों एवं भावनाओं का सम्मान करते एम्स सहरसा की घोषणा करे. यह कदम इस अंचल को न्याय, चिकित्सा एवं विकास की दिशा में आगे ले जाएगा. एनडीए गठबंधन की बैठक कल, जदयू, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित मंत्री व विधायक लेंगे भाग सहरसा . राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक 15 अप्रैल को जिला परिषद स्थित पूजा बैंक्वेट हॉल में आयोजित की जायेगी. जानकारी देते जनता दल यू के मुख्य जिला प्रवक्ता डॉ मो लुतफुल्लाह ने कहा कि 15 अप्रैल को दिन के दो बजे से जिला परिषद के पूजा बैंक्वेट हाल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की एक अति महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गयी है. जिसमें जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, सांसद दिनेश चंद्र यादव, दिलेश्वर कामत, मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू, मंत्री रत्नेश सादा, विधान परिषद सदस्य ललन सर्राफ, विधायक आलोक रंजन, विधायक गुंजेश्वर् साह शामिल होंगे. उन्होंने सभी पार्टी के प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, सभी प्रखंड अध्यक्ष, सभी जिला कमेटी के पदाधिकारी, सभी पंचायत अध्यक्ष एवं युवा, छात्र, महिला नेत्री से आग्रह किया कि इस अति महत्वपूर्ण बैठक में समय से भाग लें. प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष उपेंद्र दास व उपाध्यक्ष मनोरंजन चौधरी मनोनीत सत्तरकटैया . राज्य सरकार ने प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति का गठन कर दिया है. जिसकी अधिसूचना जारी कर दी गयी है. सरकार के सचिव द्वारा निर्गत पत्र के अनुसार प्रखंड बीस सूत्री का अध्यक्ष जदयू के प्रखंड अध्यक्ष उपेंद्र दास को मनोनीत किया गया है. वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोरंजन चौधरी को उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं सदस्य के रूप में सत्यनारायण कामत, सुरेश यादव, रंजीत कुमार सिंह बबलू, अब्दुला राइन, निशा पांडे, अर्जुन ठाकुर, कतिकानंद सिंह, अभिषेक पांडे, पूजा सिंह राठौर, मंतोष झा, कुमोद कुमार यादव, मिथिलेश कुमार ऋषिदेव, सुबोध कुमार झा को मनोनीत किया गया है. इस समिति के सदस्य सचिव बीडीओ होंगे. वहीं पदेन सदस्य में गृह प्रखंड के विधान परिषद सदस्य, पंचायत समिति के अध्यक्ष, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय सभी क्षेत्रीय एवं तकनीकी पदाधिकारी, प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत संचालित सभी बैंक के शाखा प्रबंधक आदि शामिल है. प्रखंड बीस सूत्री के गठन होने से विकास कार्य को गति मिलने की संभावना जतायी जा रही है. वहीं जदयू व भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी व्याप्त है. क्षेत्र के जनप्रतिनिधि व गणमान्य व्यक्तियों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित अन्य सभी सदस्यों को बधाई दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
