लापता पोते का शव देख दादा की भी गयी जान

लापता पोते का शव देख दादा की भी गयी जान

दो दिनों से लापता किशोर का घर के समीप पोखर में मिला शव सदमे में दो घंटे के बाद दादा की भी हो गयी मौत सिमरी बख्तियारपुर. बलवाहाट थाना क्षेत्र के चपराव गांव के वार्ड संख्या 14 में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोर का शव उसके घर के सामने स्थित पोखर में तैरता हुआ मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया. इस बीच मृतक के दादा यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके और उनकी भी मृत्यु हो गई.मिली जानकारी के अनुसार, चपराव गांव निवासी भूपेंद्र सादा के पुत्र शिवधन कुमार रविवार दोपहर एक बजे घर से खेलने के लिए निकले थे. देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद परिजनों ने बलवाहाट थाना में आवेदन देकर किशोर की बरामदगी की गुहार लगाई थी. मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घर के पास स्थित पोखर में एक शव तैरता देखा. पास जाकर पहचान करने पर वह लापता किशोर शिवधन कुमार का ही शव निकला. शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. मृतक की मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही बलवाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है. घटना की खबर मिलते ही प्रखंड प्रमुख शबनम कुमारी, मुन्ना भगत, पंसस परितोष कुमार अंशु, गुलशन मल्लिक, मनोज रजक, सुभाष राम और मो. आरजू सहित कई जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया. साथ ही प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की.वहीं स्थानीय विधायक संजय सिंह ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए अपने कार्यकर्ताओं को पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. पोते के वियोग में दादा ने भी तोड़ा दम लापता किशोर की तलाश के बीच ही उसके दादा 65 वर्षीय बंगाली सादा की तबीयत बिगड़ गयी थी. मंगलवार को जैसे ही उन्हें अपने पोते का शव पोखर में मिलने की खबर मिली, वे सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने भी दम तोड़ दिया. एक ही परिवार में कुछ ही घंटों के अंतराल पर दादा और पोते की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है. परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >