Saharsa Fertilizer Review Meeting: सहरसा. संयुक्त निदेशक शष्य प्रमंडल की अध्यक्षता में गुरुवार को उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण एवं मूल्य नियंत्रण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिले के सभी थोक उर्वरक विक्रेता तथा विभिन्न उर्वरक कंपनियों के विपणन प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक में किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया.
उर्वरकों की उपलब्धता और मांग की हुई समीक्षा
बैठक में जिले में उपलब्ध उर्वरकों के वर्तमान स्टॉक, आगामी मांग, कंपनीवार आपूर्ति तथा वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई. संयुक्त निदेशक ने कंपनियों को निर्देश दिया कि फसल और मौसम की आवश्यकता के अनुसार यूरिया, डीएपी, एनपीके, एमओपी और एसएसपी सहित सभी उर्वरकों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाये.
थोक विक्रेताओं को दिए सख्त निर्देश
थोक उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि प्राप्त उर्वरकों का पारदर्शी तरीके से खुदरा विक्रेताओं के बीच वितरण करें. साथ ही स्टॉक का अद्यतन रिकॉर्ड रखें और किसी भी स्थिति में जमाखोरी या कृत्रिम अभाव उत्पन्न नहीं होने दें.
अधिक कीमत वसूली पर होगी कार्रवाई
बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसानों को उर्वरक केवल सरकार द्वारा निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही उपलब्ध कराया जाए. एमआरपी से अधिक राशि वसूलने, उर्वरक के साथ अन्य उत्पादों की जबरन टैगिंग, कालाबाजारी या किसी अन्य अनियमितता की शिकायत मिलने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी.
नियमित निगरानी के निर्देश
संयुक्त निदेशक ने जिला कृषि पदाधिकारी को नियमित निरीक्षण करने तथा किसानों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य किसानों को सही समय पर उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना है.
किसानों से भी की गई अपील
Saharsa Fertilizer Review Meeting: कृषि विभाग ने किसानों से अपील की कि वे आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें, प्रत्येक खरीद पर कैश मेमो अवश्य लें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या अधिक कीमत वसूली की सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें.
ये भी पढ़ें: मेमू ट्रेन अग्निकांड की जांच तेज, लखनऊ, झाझा और बंगाल से पहुंचीं विशेषज्ञ टीमें
