डीएसपी खुद कर रहे जांच की मॉनिटरिंग परिजनों में आक्रोश, 48 घंटे बाद भी नामजद आरोपी गिरफ्त से बाहर सलखुआ . सलखुआ थाना क्षेत्र के गोरदह वार्ड संख्या 7, ओरली भेलवा गांव में रौशनी कुमारी की निर्मम हत्या के मामले में चौथे दिन भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है. हालांकि पुलिस ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है और विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की कमान संभाले हुए हैं. उनके नेतृत्व में थानाध्यक्ष संजना कुमारी सहित पुलिस टीम पूरे मामले की बारीकी से छानबीन कर रही है. पुलिस घटना के समय की परिस्थितियों, अपराधियों के संभावित प्रवेश और निकास मार्गों का गहन अध्ययन कर रही है. इधर, मृतका के परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है. पूछताछ के दौरान परिजनों ने पुलिस से सवाल उठाया कि घटना के तीसरे दिन तक भी आरोपियों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो सकी. परिजन रोते-बिलखते न्याय की गुहार लगाते नजर आए, वहीं ग्रामीणों ने उन्हें ढांढस बंधाया. गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात करीब एक बजे बदमाशों ने छैला बिहारी सिंह की पत्नी रौशनी कुमारी की गले पर चाकू से वार कर निर्मम हत्या कर दी थी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों की नजर अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है. मक्के के खेतों में सघन तलाशी अभियान जांच के दौरान डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घर के पीछे स्थित मक्के के खेतों में घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया. पानी और कीचड़ से भरे खेतों में संभावित साक्ष्यों की तलाश की गयी, ताकि अपराधियों की गतिविधियों से जुड़े अहम सुराग मिल सकें. पुलिस ने हर पहलू को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. हालांकि घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद नामजद आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही मामले के खुलासे का दावा कर रही है. इस संबंध में डीएसपी मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. मौके पर अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार, एसआई सुवालाल पासवान, कृष्णा प्रसाद यादव, दीपक कुमार राम, पीएसआई बंटी कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली, मक्के के खेतों में घंटों चली सघन तलाशी
चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली, मक्के के खेतों में घंटों चली सघन तलाशी
