प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा होगा आयोजन सहरसा. प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के बनगांव रोड स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र द्वारा 89वें त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव के अवसर पर 26 फरवरी से आयोजित द्वादश ज्योर्तिलिंगम दर्शन मेले का आयोजन पटेल मैदान में किया जायेगा. इस भव्य आयोजन के संबंध में बताते स्थानीय सेवाकेंद्र प्रभारी स्नेहा बहन ने कहा कि समस्त कोसी वासियों के लिए भोलेनाथ शिव भगवान द्वादश ज्योर्तिलिंगम मेले के रूप में दर्शन की सौगात लाये हैं. जिसमें देश भर के सुप्रसिद्ध 12 ज्योतिर्लिंग का हूबहू एक ही छत के नीचे दर्शन का लाभ प्राप्त होगा. 12 तीर्थ यात्राओं के पुण्यफल की सहज प्राप्ति होगी. इसके साथ अनेक आकर्षक आयोजनों का भी लाभ प्राप्त होगा. चंद मिनटों में मन को सुकून देने के लिए माइंड स्पा, पारिवारिक रिश्तों में प्रगाढ़ता लाने के लिए फैमिली वैल्यूज ट्री, जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता लाने व स्वस्थ मनोरंजन के लिए वैल्यू गेम्स, तनाव मुक्ति एवं व्यसन मुक्ति के लिए आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी, भगवान के नाम पत्र, सेल्फी विद गाॅड, शांति अनुभूति कक्ष, राजयोग मेडिटेशन शिविर, प्रोजेक्टर शो जैसे अनेक आयोजन किये जायेंगे. बुधवार की दोपहर पटेल मैदान में इस मेले का भव्य उद्घाटन होगा. जन-जन को इसका संदेश देने के लिए मंगलवार को पूरे शहर में भव्य शोभायात्रा एवं झांकी निकाली जायेगी. स्नेहा बहन ने समस्त कोसी वासियों से इस मेले में पधार कर जन्म-जन्म के पुण्यफल की प्राप्ति एवं स्वस्थ मनोरंजन का अनुभव प्राप्त करने का आह्वान किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
