मंत्री से लेकर अधिकारियों की चौखट पर न्याय मांगने के बावजूद जमीन पर अधिकार नहीं

आजकल बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में कार्रवाई एवं अधिकारियों पर नकेल कसने के लिए भले ही उपमुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री विजय सिन्हा दिन-रात काम कर रहे हैं.

प्रखंड के रसलपुर का मामला, दबंगों ने जमीन पर कर लिया है कब्जा

नवहट्टा. आजकल बिहार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में कार्रवाई एवं अधिकारियों पर नकेल कसने के लिए भले ही उपमुख्यमंत्री सह राजस्व मंत्री विजय सिन्हा दिन-रात काम कर रहे हैं. इसके बावजूद वास्तविक एवं कमजोर लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है. मामला नवहट्टा प्रखंड के रसलपुर गांव का है. जहां दशरथ यादव के पुत्र शुभंकर कुमार ने अपनी जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने के लिए सबसे पहले अंचलाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी. इसके बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सहित सभी वरीय अधिकारियों को आवेदन दिया.

आवेदन में बताया गया है कि उनकी जमीन पर स्थानीय शंकर यादव, नरेश यादव, विजय यादव, मुकेश यादव और लक्ष्मण यादव ने अपने पूरे परिवार के साथ दबंगई के बल पर कब्जा कर लिया है. जबकि उक्त जमीन का खतियान पीड़ित के पूर्वजों के नाम से है एवं वर्ष 2025-26 तक का ऑनलाइन लगान जमा है. निर्विवाद जमाबंदी कायम है. वर्ष 2024 में न्यायालय द्वारा आवेदनकर्ता के पक्ष में डिग्री भी मिल चुकी है. इसके बावजूद अंचल से लेकर वरीय अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा पीड़ित को दखल-कब्जा दिलाने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

ऑनलाइन जमाबंदी व वर्तमान वित्तीय वर्ष तक का कट रहा है रसीद

पीड़ित शुभंकर कुमार का कहना है कि जमीन विवाद में कोर्ट से उनके पक्ष में डिग्री प्राप्त है. ऑनलाइन जमाबंदी कायम है एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष तक का रसीद भी कट रहा है. इसके बावजूद विभिन्न अधिकारियों द्वारा उन्हें गुमराह किया जा रहा है. कोई कहता है सीओ के पास जाइए, कोई डीसीएलआर के पास भेज देता है. लगातार चक्कर काटने के अलावा कहीं भी न्याय नहीं मिल रहा है. राजस्व मंत्री के जनता दरबार में भी आवेदन दिया गया, लेकिन जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने को लेकर अधिकारियों की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है. पीड़ित का आरोप है कि जब भी वे लोग उक्त जमीन पर जाने का प्रयास करते हैं, तो अतिक्रमण करने वाले दबंग लोग लाठी-डंडा और हथियार लेकर मारपीट व जानलेवा हमला करने पर उतारू हो जाते हैं. इस कारण पीड़ित परिवार दहशत में जीने को मजबूर है और प्रशासन से न्याय की आस लगाए हुए हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >