सहरसा . जिला कांग्रेस ने महाकुंभ को हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ व केंद्र सरकार के नाकाफी सुरक्षा एवं आवागमन की कुव्यवस्था का आरोप लगाया. जिला कांग्रेस के वरीय उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी कुमार हीरा प्रभाकर ने 29 जनवरी व 15 फरवरी को श्रद्धालुओं की मौत पर दुख व गहरी संवेदना व्यक्त करते कहा कि इस घटना के लिए केंद्र सरकार व यूपी सरकार पूरी तरह दोषी है. यह हादसा नहीं बल्कि नरसंहार है. उन्होंने कहा कि मोदी जी को झूठ बोलकर वाहवाही लूटने एवं सनातन के नाम पर जनता को वोट बैंक बनाने की आदत है. सरकार ने महाकुंभ को 144 वर्ष के बाद कुंभ लगने एवं आवागमन की सारी सुविधा देने का वादा व गोदी मीडिया द्वारा झूठा प्रचार प्रसार कराकर श्रद्धालुओं को कुंभ में आने को मजबूर किया. मोदी सरकार को कुंभ नहाने से ज्यादा अपना वोट बैंक बनाने एवं विश्व रिकॉर्ड कराने का फिक्र था. महाकुंभ में वीआईपी कल्चर, कुव्यवस्था व सब कुछ ठीक होने का दावा करने वाले योगी अपनी महिमा मंडित करने में लगे रहे. दूसरी तरफ ट्रेनों में यात्री पीटते रहे व गाड़ियों के शीशे टूटते रहे व रेल प्रशासन सोती रही. इनको यात्रियों की सुरक्षा से ज्यादा रेलवे को अपनी कमाई की चिंता थी. जबकि कुंभ से अखाड़े जा चुके हैं. फिर भी भारत के सभी रेलवे स्टेशनों पर कुंभ जाने की भारी भीड़ व अफरा-तफरी अभी भी है. दोनों घटनाओं के लिए केंद्र सरकार दोषी है. इसलिए राष्ट्रपति को मोदी सरकार को तत्काल बर्खास्त कर देना चाहिए.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
