एमएसपी पर बोनस किसान का अधिकार : डाॅ अजय

एमएसपी पर बोनस किसान का अधिकार : डाॅ अजय

सहरसा . विधान परिषद सदस्य डाॅ अजय कुमार सिंह ने राज्य सरकार द्वारा धान व गेंहू की खरीद के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बोनस को किसानों का अधिकार बताया. बिहार विधान परिषद में तारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार से धान एवं गेंहू की अधिप्राप्ति पर बोनस देने की मांग की. उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में राज्य सरकार ने मंडी व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया एवं किसान फसल का बाजार मूल्य लेने में असमर्थ साबित हो रहे हैं. वे सरकार की वर्तमान व्यवस्था में बिचौलियों को उत्पादन बेचने को विवश हैं. जबकि अन्य राज्यों में धान एवं गेंहू की खरीद पर एमएसपी के साथ बोनस का प्रावधान है. बिहार सरकार बोनस देती है तो राज्य के किसान को थोड़ी राहत मिलेगी. डाॅ सिंह ने बताया कि सदन में विभागीय मंत्री ने जबाव में बोनस देने को खारिज करते कहा कि इस तरह का विचार सरकार नहीं रखती है. जबकि बिहार में किसान अनावृष्टि एवं अतिवृष्टि से परेशान हैं. सिंचाई की नहर सुविधा, खाद व बीज का उचित मूल्य पर उपलब्ध नहीं होने की मार झेलते हैं. विधान पार्षद ने वर्तमान राज्य सरकार को किसान विरोधी बताते कहा कि सरकार की कृषि योजनाएं भी सिर्फ फाइलों में दौड़ती है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >