पिकअप ने मारा बाइक सवार को धक्का, मौत

पिकअप ने मारा बाइक सवार को धक्का, मौत

एक अन्य युवक घायल, अस्पातल में भर्ती पस्तपार थाना क्षेत्र के सबैला मोड़ स्थित एनएच 106 पर हुआ हादसा पतरघट.पस्तपार थाना क्षेत्र अंतर्गत सबैला मोड़ स्थित एनएच 106 पर सोमवार की अहले सुबह सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. जबकि दुर्घटनाग्रस्त बाइक पर पीछे बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. मृतक की पहचान पस्तपार पंचायत अंतर्गत बेलदारी बस्ती स्थित वार्ड 11 निवासी अशोक यादव के 24 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई. जबकि जख्मी युवक उसी गांव के अर्जुन यादव का 22 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार बताया जा रहा है. घटना की सूचना पाकर पस्तपार थाना से पुअनि अमरजीत कुमार, पुअनि संतोष सिंह, पुअनि जितेंद्र कुमार सहित डायल 112 से सअनि विकास कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे व स्थानीय ग्रामीणों से जानकारी लेते हुए कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेजा. पस्तपार पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना लायी. घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि मजदूरी के लिए के लिए नीतीश कुमार अपनी बाइक बीआर 43 एजी 3748 से अपने पड़ोसी कुंदन कुमार को साथ लेकर पस्तपार के रास्ते मधेपुरा ट्रेन पकड़ने जा रहा था. उसी दौरान एनएच 106 पर सबैला मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात पिकअप वैन बाइक में टक्कर मारते मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा. जिसके कारण बाइक चला रहे नीतीश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि कुंदन कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी के माहौल में बुरी तरह से जख्मी कुंदन कुमार को इलाज के लिए मधेपुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. सूचना पाकर मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर शव से लिपटकर बुरी तरह से बिलख रहे थे. इधर मृतक की पत्नी जूली कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था. परिजनों ने बताया कि नीतीश कुमार की शादी दो वर्ष पूर्व पामा पंचायत के निवासी स्व फोकन यादव के पुत्री के साथ हुई थी. मृतक के पिता अशोक यादव ने बताया कि मृतक तीन भाई तथा चार बहन है. सभी बहन शादीशुदा है. मृतक तीन भाई में दूसरे नंबर पर था. उसकी मां 4 वर्ष पूर्व ही बीमारी के कारण गुजर गईं थीं. मां के गुजरने के बाद घर का सारा भार नीतीश कुमार पर ही था. पोस्टमार्टम के बाद शव के घर पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से हर किसी की आंखें नम थी. सड़क हादसें में मौत की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे युवा समाजसेवी शिक्षाविद् मिथुन कुमार सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मृतक के परिजनों को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध करवाए जाने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >