आधे दर्जन पुलिस के जवान भी मामूली रूप से घायल जमीन विवाद का है मामला, लोगों को चिन्हित कर होगी कार्रवाई सोनवर्षाराज. काशनगर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में शनिवार को जमीन विवाद में हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने डायल 112 व थाना की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया. जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना में करीब आधे दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गये. मिली जानकारी के अनुसार शिवपुर गांव निवासी संजय पोद्दार व शिक्षक दानी उर्फ कमलेश्वरी पोद्दार के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. बीते गुरुवार को जमीन विवाद में कहासुनी के बाद हुई मारपीट की घटना में संजय पोद्दार व उसका पुत्र घायल हो गया था. बताया जाता है कि बीते शुक्रवार की रात दानी पोद्दार ने विवादित जमीन पर रातों-रात दीवार खड़ी कर घर निर्माण शुरू कर दिया. शनिवार सुबह इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने दानी पोद्दार की निर्माणाधीन दीवार को तोड़ दिया. इसी बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी. सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ भी विरोध शुरू कर दिया. स्थिति इतनी बिगड़ गयी कि ग्रामीणों ने पहले डायल 112 व बाद में पहुंची काशनगर थाना पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए बांस, ईट पत्थर आदि से वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया. इस दौरान डायल 112 व थाना के पुलिसकर्मी घायल हो गये. घटना के बाद सोनवर्षाराज थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी व बसनही थानाध्यक्ष विकास कुमार ने दल बल के साथ मौके पर पहुंच स्थिति को सामान्य करवाया. सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले में छापेमारी की जा रही है. घटना में शामिल लोगो की पहचान कर कार्रवाई की जायेगी.
आक्रोशित ग्रामीणों ने डायल 112 व थाना की गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त
आक्रोशित ग्रामीणों ने डायल 112 व थाना की गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त
