अमरपुर. सूबे के भवन निर्माण मंत्री सह स्थानीय विधायक जयंत राज ने रविवार को गंगापुर गढैल गांव पहुंचकर तीन मृतक के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये का चेक दिया. इस दौरान मंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुये पीड़ित परिजनों को संत्वाना देते हुये हर संभव सहायता दिलाने का अश्वासन दिया. साथ ही मौजूद बीडीओ को पीड़ित परिवारों को अविलंब प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया. मौके पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के फंड पर पहला अधिकार आपदा पीड़ित परिवार का होता है. गंगापुर गढ़ेल के हतखां पोखर की घटना से मुख्यमंत्री को भी अवगत कराया गया है. मुख्यमंत्री के आदेश पर तीनों पीड़ित परिवारों को आपदा प्रबंधन के तहत चार-चार लाख अनुदान अनुग्रह राशि का चेक दिया गया. मालूम हो कि गत शुक्रवार को गंगापुर गढ़ेेल गांव के हीरालाल दास का 13 वर्षीय पुत्र धर्मेन्द्र कुमार, मुकेश दास की 14 वर्षीय पुत्री स्वीटी कुमारी व फंटूश दास का 7 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार की मौत उक्त पोखर में डूबने से हो गयी थी. बाद में मंत्री रामनगर गांव पहुंच कर गत दिनों हुई युवती प्रीती कुमारी की हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मिलकर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त किया. मौके पर उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया. जिसके बाद मंत्री अमरपुर प्रखंड कार्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने ओपन जिम का विधिवत उदघाटन किया. साथ ही कुशमाहा गांव में संचालित राज्य सरकार की योजनाओं का भी उदघाटन किया गया. इस मौके पर सीओ रजनी कुमारी, नपं कार्यपालक पदाधिकारी रविशंकर सिंह, अंचल सीआई राजेश कुमार झा, युवा समाजसेवी प्रशांत कापरी, शिव प्रसाद मंडल, कुंदन कुमार, अरविंद यादव, सुनील यादव, परमानंद दास, सुरेन्द्र शर्मा समेत पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
