स्कूल जा रहे शिक्षक को मारी गोली

पतरघट ओपी नयानगर बस्ती के समीप की घटना जख्मी का निजी नर्सिंग होम में चल रहा इलाज सहरसा/पतरघट : अपनी बाइक से एक सहकर्मी के साथ स्कूल जा रहे भान टेकठी निवासी शिक्षक विजय कुमार मंडल को बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने पतरघट मधेपुरा मुख्य मार्ग पर गुरुवार को नयानगर बस्ती के समीप ओवरटेक कर […]

पतरघट ओपी नयानगर बस्ती के समीप की घटना
जख्मी का निजी नर्सिंग होम में चल रहा इलाज
सहरसा/पतरघट : अपनी बाइक से एक सहकर्मी के साथ स्कूल जा रहे भान टेकठी निवासी शिक्षक विजय कुमार मंडल को बाइक सवार नकाबपोश अपराधियों ने पतरघट मधेपुरा मुख्य मार्ग पर गुरुवार को नयानगर बस्ती के समीप ओवरटेक कर गोली मार दी. गोली शिक्षक के पेट के बायें हिस्से में लगी है.
साथ में बाइक पर जा रहे सहकर्मी शिक्षक सुशील कुमार के हल्ला करने पर स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पतरघट ओपी प्रभारी कमलेश कुमार सदल बल घटनास्थल पहुंचे व जख्मी को पीएचसी लाया गया. जहां बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. ओपी प्रभारी द्वारा जख्मी को पुलिस वाहन से सहरसा लाया गया. जहां चिकित्सक डॉ एसके आजाद ने इलाज कर बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. परिजनों ने उसे एक निजी नर्सिंग होम में भरती कराया. ओपी अध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने हर बिंदू को ध्यान में रख जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी.
जख्मी शिक्षक विजय कुमार मंडल दूर्गा उच्च विद्यालय गोलमा में पदस्थापित हैं. अन्य दिनों की तरह अपने सहकर्मी शिक्षक सुशील कुमार के साथ बाइक से स्कूल जा रहे थे. विशनपुर हटिया से आगे नयानगर बस्ती के समीप एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक कर व पेट के बायें हिस्से में सटा कर गोली मार दी. उसी विद्यालय में कार्यरत शिक्षक सुशील कुमार ने बताया कि गोली लगने के बाद बाइक के हिलने पर लगा कि शायद टायर पंक्चर हो गया है.
अचानक बाइक गिर गयी और मंडल के शरीर से खून निकलते देख अहसास हुआ कि गोली मारी गयी है. जिसके बाद हमने हल्ला शुरू किया तो आसपास के लोग आये और पुलिस को सूचना दी. दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने आम लोगों सहित राहगीरों को सकते में डाल दिया है. घटना के बाद कोई विद्यालय की आपसी गुटबाजी की बात बता रहा है तो कोई जख्मी शिक्षक की गांव की राजनीति और जमीन विवाद के कारण घटना को अंजाम दिये जाने की बात कह रहा है. हालांकि यह तो पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >