कोसी ने छीन ली मासूम की जिंदगी,24 घंटे बाद मिला शव

कोसी ने छीन ली मासूम की जिंदगी,24 घंटे बाद मिला शव

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल सलखुआ . कोसी नदी ने एक बार फिर एक घर का चिराग बुझा दिया. सलखुआ थाना क्षेत्र में डूबे 16 वर्षीय किशोर मजदूर धर्मवीर चौधरी का शव 24 घंटे बाद मंगलवार की सुबह नदी में उपलाता मिला. जैसे ही एसडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला, मौके पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो उठा. धर्मवीर जो महिषी थाना क्षेत्र के राजनपुर पंचायत के पकियारा टोला का रहने वाला था, घर की तंगहाली दूर करने के लिए कम उम्र में ही मजदूरी करने लगा था. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. सोमवार सुबह करीब आठ बजे काम के दौरान वह अचानक कोसी की तेज धारा में समा गया एवं देखते ही देखते लापता हो गया. पूरी रात टकटकी लगाए रहे परिजन घटना के बाद से ही परिजन एवं ग्रामीण नदी किनारे टकटकी लगाए उसकी एक झलक पाने की आस में बैठे रहे. रात भर मां की आंखों से आंसू नहीं थमे. पिता बार-बार बेसुध हो जा रहे थे. हर गुजरते पल के साथ उम्मीदें टूटती चली गईं. मंगलवार सुबह जब नदी में एक शव बहता दिखा एवं उसे बाहर निकाला गया तो वह दृश्य देख हर किसी की आंखें नम हो गई. मां अपने बेटे के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रो पड़ी यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति को झकझोर दिया. कीचड़ में दबा रहा, इसलिए देर से मिला शव एसडीआरएफ टीम ने बताया कि शव नदी की तलहटी में कीचड़ एवं गाद में गहराई तक फंसा हुआ था. जिस कारण उसे खोजने में काफी समय लगा. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग किया कि क्षेत्र में गोताखोरों की स्थायी व्यवस्था की जाय. जिससे ऐसे हादसों में समय रहते राहत मिल सके. प्रशासन ने लिया जायजा घटना की सूचना मिलते ही सीओ पुष्पांजलि कुमारी मौके पर पहुंची एवं स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई. वहीं प्रभारी थानाध्यक्ष दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है. धर्मवीर की असमय मौत ने ना सिर्फ एक परिवार को तोड़ दिया. बल्कि यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक गरीबी एवं लापरवाही बच्चों की जिंदगी निगलती रहेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >