वांछितों पर पुलिस का कस रहा शिकंजा सहरसा. पुलिस अधीक्षक हिमांशु के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे तीन दिवसीय गिरफ्तारी महाअभियान के पहले ही दिन जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 91 लोगों को गिरफ्तार किया. रविवार रात से सोमवार सुबह तक चले इस अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस ने एक साथ छापेमारी कर लंबित कांडों के आरोपियों, वारंटियों और फरार अपराधियों को दबोचा. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह विशेष अभियान पूरे जिले में एक साथ चलाया जा रहा है, जिसमें लंबित कांडों के वांछित अभियुक्तों, लंबित वारंट, स्थायी वारंट तथा कुर्की से जुड़े मामलों के आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी जा रही है. पुलिस का लक्ष्य ऐसे सभी फरार आरोपियों को चिन्हित कर उन्हें कानून के दायरे में लाना है, जो लंबे समय से गिरफ्तारी से बचते आ रहे हैं. जारी आंकड़ों के अनुसार पहले दिन की कार्रवाई में सदर थाना क्षेत्र से 12, महिला थाना से 2 एवं एससी/एसटी थाना से 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया. वहीं सौरबाजार थाना से 9, बनगांव थाना से 6, बिहरा थाना से सर्वाधिक 13, महिषी थाना से 3, नवहट्टा थाना से 1 एवं सोनवर्षा कचहरी थाना से 2 गिरफ्तारी हुई. इसके अलावा जलई थाना से 3, डरहार थाना से 1, बैजनाथपुर थाना से 3, पस्तपार थाना से 2, बख्तियारपुर थाना से 8, सलखुआ थाना से 3, बनमा इटहरी थाना से 1, चिड़ैया थाना से 3, बलवाहाट थाना से 2, कनरिया थाना से 1, सोनवर्षराज थाना से 6, बसनही थाना से 3 एवं काशनगर थाना से 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस प्रकार पहले दिन कुल 91 अभियुक्तों को पुलिस ने हिरासत में लिया. पुलिस के अनुसार महाअभियान के शेष दो दिनों में भी इसी तरह सघन छापेमारी जारी रहेगी. फरार वांछितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी सूरत में वांछित अभियुक्त बचने न पायें और अभियान के दौरान अधिकतम गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाये. जिले में चल रहे इस महाअभियान से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है. पुलिस का कहना है कि अभियान के अगले दो दिनों में गिरफ्तारी का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है.
तीन दिवसीय महाअभियान में पहले दिन 91 गिरफ्तारी
तीन दिवसीय महाअभियान में पहले दिन 91 गिरफ्तारी
