विधायक ने 15 दिवसीय मेले का किया उद्घाटन
बैजनाथपुर : सौरबाजार प्रखंड क्षेत्र के बैजनाथपुर हाट समीप निराला नगर बैजनाथपुर में 15 दिवसीय पारंपरिक कार्तिक पूर्णिमा मेला का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक अरुण कुमार यादव, जिप अध्यक्षा अरहुल देवी, उपाध्यक्ष छत्री यादव तथा जिप सदस्य ओमप्रकाश नारायण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. विधायक ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने से लगे आ रहे इस मेला का इतिहास बहुत पुराना है. मेला से समाज में आपसी भाईचारा के साथ-साथ लोगों के मन में ईश्वर के प्रति श्रद्धा उत्पन होती है.
मेला कमेटी अध्यक्ष सह सरपंच अरुण कुमार की अध्यक्षता एवं अधिवक्ता उमेश यादव के संचालन में चले सभा को संबोधित करते वक्ताओं ने मेला कमेटी को धन्यवाद देते कहा कि इस मेला को आगे बढ़ाने में जो भी प्रयास होगा किया जायेगा. इससे पूर्व सुबह में 251 कुंवारी कन्याओं द्वारा कलश यात्रा के साथ नगर भ्रमण कर मेला परिसर में विष्णु यज्ञ का भी प्रारंभ किया गया तथा 10 दिनों तक ब्रज से आए कलाकारों द्वारा रात्रि में रासलीला दिखायी जाएगी. झूला, मौत का कुआं, चित्रहार समेत अन्य मनोरंजन के साधन भी मेला में लगाए गए हैं. मौके पर स्थानीय मुखिया पंकज यादव, राजद नेता शिवशंकर विक्रांत, भारत यादव,
कमलेश्वरी यादव, विनेश यादव, संतोष कुमार, संजय रजक, रमेश कुमार रमण, सीओ रमेश कुमार, बैजनाथपुर ओपी अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, अशोक मानव सहित अन्य मौजूद थे. वहीं कांप बाजार कपेश्वर शिव मंदिर प्रांगण में भी तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेला का शुभारंभ सोमवार को मेला कमेटी द्वारा किया गया. तीरी पंचायत के बराही और रामपुर पंचायत के चिकनी गांव में भी इस अवसर पर तीन दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेला का आयोजन किया गया है.
