पतरघट : चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ के लिए विभिन्न घाटों की सफाई अब तक नहीं होने से छठव्रती परेशान हैं. मालूम हो कि प्रखंड क्षेत्र में दर्जनों घाटों पर छठव्रती भगवान भाष्कर को छठ पर्व के अवसर पर अर्घ्य देते हैं. जिसमें पोखर सहित क्षेत्र के विभिन्न नदी, तालाब शामिल हैं. लेकिन जैसे-जैसे छठ पर्व नजदीक आ रहा है, घाटों की सफाई नहीं होने के कारण व्रतियों के परिजन चिंतित हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि प्रखंड मुख्यालय के इर्द-गिर्द कपसिया, शीतलपट्टी धार सहित विशनपुर घाटों में मनाये जाने वाली छठ घाट पर इन दिनों भारी मात्रा में गंदगी फैली है. कहीं जलकुंभी का जमावाड़ा है
तो कहीं मरे मवेशी को फेंक दिया गया है. लेकिन ज्योति पर्व दीपावली बीतने के बावजूद छठ पर्व में कुछ दिन शेष रहने के बाद भी अंचल प्रशासन घाटों की साफ-सफाई के प्रति अनभिज्ञ बने हुए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रत्येक साल प्रशासन द्वारा घाटों की सफाई के प्रति अनभिज्ञता जतायी जाती है.
जिसके कारण स्थानीय लोगों को घाटों की साफ-सफाई के लिए आगे आना पड़ता है. आस्था के इस महार्व में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के लिए विभिन्न घाटों की सफाई की आवश्यकता ही लोगों ने जाहिर की है. लेकिन अब तक घाटों पर साफ-सफाई प्रशासन द्वारा नहीं किये जाने से छठ व्रती में काफी आक्रोश देखा जाता है. इस बाबत अंचलाधिकारी सुमंतनाथ ने बताया कि प्रशासन के पास छठ घाट की साफ-सफाई के मद में कोई आवंटन नहीं दिया गया है. लेकिन घाटों की सफाई के लिए स्थानीय मुखिया को आवंटन भेजा गया है.
