नवहट्टा : एक तरफ गर्मी का पारा आसमान छू रहा है तो दूसरे तरफ बिजली विभाग की लापरवाही की पोल खुल रही है. प्रखंड क्षेत्र के सात पंचायत में पिछले 15 दिन यानी चार जून से ही बिजली बाधित है.
बिजली विभाग के कर्मी के कार्य पर सवाल उठने लगे हैं. मिली जानकारी के अनुसार महिषी के प्राणपुर पावरग्रिड से महिषी प्रखंड के विभिन्न गांवों में बिजली प्रवाहित होती है. जहां किसी तरह की समस्या उत्पन्न नहीं हो रही है. उसी पावरग्रिड से नवहट्टा प्रखंड के एक दर्जन से अधिक गांव में बिजली प्रवाहित की जाती है.
जहां भेलाही पावरग्रिड से सतौर तक तो रेगुलर व समय अनुसार बिजली प्रवाहित की जाती है. लेकिन बिजली विभाग द्वारा रखे गये कर्मी के द्वारा सतौर से उत्तर की बिजली काट दी जाती है. झरबा गावं के राहुल मुखिया ने बताया कि सतौर से उत्तर कि बिजली काट दी जाती है. बार-बार फोन करने पर कुछ देर के लिए चालू कर दिया जाता है. लोगों को तपती धूप व गर्म हवा से काफी परेशानी हो रही है. 12 से 19 जून बुधवार तक में आठ दिनों में 11 घंटे बिजली दी गयी है.
इस बाबत बिजली विभाग के कनीय अभियंता सौरव कुमार ने बताया कि फेज उड़ने की समस्या से इस तरह का परेशानी हो रही है. बिजली विभाग के एसडीओ पंकज कुमार देशमुख ने बताया कि इसी समस्या को खत्म करने के लिए डरहार में पावर सबस्टेशन बन रहा है. साथ ही डरहार को नवहट्टा से हटाकर नया प्रशाखा बनाया गया है. जहां विभगीय जेई की पोस्टिंग नहीं हुई है. जल्द ही होगी. पीएसएस बनने के बाद हमेशा के लिए समस्या खत्म हो जायेगी.
तपती धूप में जल रहा धान का बिचड़ा, खेती का संकट: महिषी. भीषण गर्मी में खेतों में नमी की कमी के कारण किसान धान का बिचड़ा गिराने से कतरा रहे हैं. जिन किसानों ने पूर्व में बिचड़ा गिराया है वो जलने के कगार पर है. मॉनसून की बेरुखी व वर्षा नहीं होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है. लोग दिन भर लू लगने के डर से देर शाम तक अपने घरों में दुबके रहते हैं.
