यूपी में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर AC बस, बिहार के दारोगा-कैदी समेत 6 की मौत

Road Accident In Unnao: यूपी के उन्नाव में मंगलवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. दिल्ली से बिहार आ रही डबल डेकर एसी बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलट गई. इस हादसे में बिहार के दारोगा, कैदी समेत 6 लोगों की मौत हो गई.

Road Accident In Unnao: मंगलवार की सुबह यूपी के उन्नाव में एक डबल डेकर एसी बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में बिहार के सीवान जिले में पुलिस लाइन में तैनात दारोगा रामचंद्र राम (59 साल) और गुरुग्राम के रहने वाले कैदी छत्रपाल सिंह तोमर समेत 6 लोगों की मौत हो गई. यह घटना लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुई, जब बस दिल्ली से बिहार आ रही थी.

हादसे में 10 से ज्यादा लोग घायल

जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 10 से ज्यादा लोग घायल भी हो गए हैं. बताया जा रहा है कि मृतक सब-इंस्पेक्टर रामचंद्र बिहार के सीवान से कैदी छत्रपाल के साथ दिल्ली गए थे और वहीं से लौट रहे थे. गंभीर रूप से घायल लोगों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. औरास थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा के अनुसार, यह हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 पर औरास पुलिस थाना इलाके में हुआ.

कैसे हुई यह घटना?

पुलिस की शुरूआती जांच में हादसे को लेकर यह बात सामने आई कि बस के ड्राइवर को झपकी आने की वजह से यह घटना हुई. जबकि मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, बस काफी रफ्तार में थी. इस दौरान बस के ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया. जिससे बस डिवाइडर से टकरा गई और यह हादसा हो गया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.

सीवान एसपी ने क्या बताया?

दूसरी तरफ इस संबंध में हादसे की पुष्टि करते हुए सीवान एसपी पूरन कुमार झा ने कहा, यहां मंडल कारा के कैदी को गुरुग्राम के कोर्ट में पेशी कर पुलिस टीम बस से वापस लौट रही थी. इस दौरान हादसे में पुलिस लाइन में तैनात दारोगा रामचंद्र राम और कैदी की मौत हो गई है. अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. घायल पुलिस कर्मियों के बेहतर इलाज के इंतजाम के लिए उन्नाव जिला प्रशासन से भी संपर्क बनाए हुए हैं.

Also Read: बिहार के 8 जिलों में सोनू की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी, STF की टीम को भी लगाया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Preeti dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >