बंगाली एसोसिएशन के स्थापना दिवस पर शहर में कई कार्यक्रम आयोजित

बंगाली एसोसिएशन

पूर्णिया. अपने 88वें स्थापना दिवस के मौके पर बंगाली एसोसिएशन बिहार की जिला शाखा द्वारा भट्ठा मध्य विद्यालय (बंगला) में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इसमें स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम गायन से किया गया. इसके पश्चात भूपेन हजारिका द्वारा लिखित गीत की प्रस्तुति सोनाली चक्रवर्ती ने दी. स्कूल की छात्राओं में श्रेया बोस, पीहू कुमारी, पल्लवी और भारती ने रवींद्र संगीत आनंदलोके मंगलालो की प्रस्तुति कर दर्शकों की तालियां बटोरी. इनके अलावा स्कूल की शिक्षिका अर्चना कुमारी और ब्यूटी दास ने भी संगीत की प्रस्तुति दी. इस अवसर पर मिठू शॉ ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके त्याग और बलिदान के बारे में विस्तार से बताया और स्वामीजी के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी. एसोसिएशन के सचिव तारा शंकर चटर्जी ने बिहार बंगाली एसोसिएशन की स्थापना पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि विगत 88 वर्षों से बिहार के 20 लाख से भी अधिक बंगला भाषियों की समस्याओं के निराकरण के लिए एसोसिएशन लगातार प्रयत्नशील है. एसोसिएशन के अध्यक्ष एके बोस ने कहा कि एसोसिशन का 88वां वर्षगांठ मनाते हुए हम अपने आप को गर्वित महसूस कर रहें हैं. उन्होंने आगे कहा कि बंगला पाठ्य पुस्तकों के अभाव में विद्यार्थी बंगला भाषा की पढ़ाई नहीं कर पा रहे थे लेकिन स्थानीय विधायक खेमका और विधान पार्षद संजीव सिंह के प्रयास से राज्य सरकार द्वारा पुस्तकें उपलब्ध कराई गई है जिससे बच्चे बंगला की पढ़ाई कर पा रहे है. प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को किया सम्मानित इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई. जिसमें ग्रुप ए के ड्राइंग में पीहू कुमारी, मुस्कान कुमारी और भारती ग्रुप बी में सुहानी कुमारी, सुमन कुमार, प्रशांत कुमार और ग्रुप सी में अक्षत कुमार, वैष्णवी कुमारी और प्रशांत कुमार को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया. वहीं भाषण प्रतियोगिता में श्रेया बोस, राज दास और शुभम दास को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर बोलते हुए प्रधानाचार्य राम देव दास ने कहा कि एसोसिएशन के सहयोग से स्कूल में विकास के अनेक कार्य किए गए हैं. उन्होंने उम्मीद जतायी कि भविष्य में भी विकास के कार्य में सहयोग प्राप्त होगा. आयोजन में एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष जयजीत घोष, रबिंद्र कुमार नाहा, गौतम भौमिक, मनोहर दास, मिठू शॉ, रंजुश्री दास, ब्यूटी दास, स्वपन चक्रवर्ती, बंदना मुखर्जी, सुकांत दे, प्रियंका कुमारी, नवीन कुमार, रविशंकर बिस्वास, अर्चना कुमारी भी शामिल रहे. मंच का सफल संचालन सोनाली चक्रवर्ती ने किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATYENDRA SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >