– अनगढ़ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई बैसा. पूर्णिया के अनगढ़ थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3.186 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौटा थाना क्षेत्र के चुनामारी वार्ड संख्या-11 निवासी साजन (25) तथा किशनगंज जिले के कोलटोला पिछला निवासी रजाउल हक (28) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8:55 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल से महानंदा नदी के रास्ते अपाचे बाइक से गांजा लाकर धुसमल गांव में डिलीवरी की जाने वाली है. सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया.प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुमार चौधरी को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया. पुलिस टीम बुधियार से धुसमल जाने वाली सड़क पर फकीरा चौक के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी.इसी दौरान रात करीब 10:05 बजे लाल और काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए. पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों बाइक घुमाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान एक सफेद झोले से दो पैकेट गांजा बरामद किया गया. इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर पहले पैकेट का वजन 2.146 किलोग्राम तथा दूसरे का 1.040 किलोग्राम पाया गया. इस प्रकार कुल 3.186 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने बाइक को भी जब्त कर लिया.पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से 15 हजार रुपये में गांजा खरीदकर धुसमल में 30 हजार रुपये में बेचने जा रहे थे. इस मामले में अनगढ़ थाना में मामला दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
तीन किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
अनगढ़ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई
