बच्चों ने पेंटिंग व स्लोगन के माध्यम से सड़क सुरक्षा का दिया पैगाम

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह

पूर्णिया. राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर जिला परिवहन कार्यालय द्वारा स्थानीय बाल सुधार गृह रोड स्थित संत पीटर्स इंग्लिश स्कूल में पेंटिंग और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जानकारियों से लैस करना था. सर्वप्रथम विद्यालय के प्राचार्य फादर मनोज ने परिवहन विभाग के अधिकारियों का स्वागत किया. प्रतियोगिता में कक्षा 6ठी से 10वीं तक के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पेंटिंग प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रंगों के माध्यम से सड़क दुर्घटना के कारणों, हेलमेट की उपयोगिता, सीट बेल्ट का महत्व और जेब्रा क्रॉसिंग जैसे विषयों को बखूबी कागज पर उतारा. वहीं, स्लोगन प्रतियोगिता में बच्चों ने नजर हटी, दुर्घटना घटी और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं जैसे प्रभावशाली नारों के जरिये लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया. कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी शंकर शरण ओमी ने मौजूद बच्चों को सड़क सुरक्षा के तहत शपथ दिलायी. उन्होने सभी बच्चों से अपने अभिभावकों एवं आस पड़ोस के लोगों को भी यातायात नियमों तथा सुरक्षा के उपायों के साथ वाहन चलाने के लिए प्रेरित करने को कहा. कार्यक्रम में परिवहन पदाधिकारी श्री ओमी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं यदि वे सड़क सुरक्षा के नियमों को आत्मसात कर लें, तो वे अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षित रख सकते हैं. सड़क पर सावधानी केवल हमारी अपनी नहीं, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी जरूरी है. उन्होने कहा कि 1 से 31 जनवरी के तक सड़क राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि सड़क दुर्घटनाओं की दर में कमी लाई जा सके. वहीं प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को परिवहन विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता अजीत पाठक एवं विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाएं शामिल रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SATYENDRA SINHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >