Purnia Panchayat Conference: पूर्णिया. विकसित भारत जी राम जी अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी, मरंगा में पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में पंचायती राज संस्थाओं के तीनों स्तरों ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद के निर्वाचित प्रतिनिधियों के अलावा योजना के क्रियान्वयन से जुड़े पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया.
अधिकारियों ने सम्मेलन में लिया हिस्सा
जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देशानुसार आयोजित सम्मेलन में उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुजय कुमार सिंह तथा निदेशक, एनईपी, डीआरडीए अमरेन्द्र कुमार सिन्हा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने प्रतिनिधियों को अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक जानकारी दी.
1 जुलाई 2026 से लागू हुआ अधिनियम
सम्मेलन में बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा विकसित भारत जी राम जी अधिनियम, 2025 को देशभर में 1 जुलाई 2026 से लागू किया गया है. अधिनियम के तहत ग्रामीण विकास योजनाओं के निर्माण, क्रियान्वयन और निगरानी में ग्राम पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका तय की गई है. इसके साथ ही सामाजिक जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है.
पंचायतों की भूमिका और जिम्मेदारियों की दी जानकारी
प्रतिनिधियों को वीबी-जी राम जी अधिनियम के उद्देश्य एवं प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई. विकसित ग्राम पंचायत योजना के निर्माण एवं अनुमोदन की प्रक्रिया, परिवारों के पंजीकरण तथा ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड जारी करने से जुड़े प्रावधानों को भी समझाया गया.
पारदर्शिता और सामाजिक अंकेक्षण पर जोर
सम्मेलन में ग्रामीण विकास कार्यों की योजना, क्रियान्वयन, निगरानी और रख-रखाव के साथ अन्य सरकारी योजनाओं के अभिसरण पर भी चर्चा हुई. कार्यों में पारदर्शिता, शिकायत निवारण, सामाजिक जवाबदेही और सामाजिक अंकेक्षण जैसे विषयों पर भी प्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी गई.
प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण का उद्देश्य
Purnia Panchayat Conference: सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराना और उन्हें जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था. अधिकारियों ने कहा कि योजनाओं की बेहतर समझ और प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र एवं सतत विकास को गति मिलेगी.
