कोढ़ा हादसे के शिकार लोगों को प्रशासन ने प्रदान की सहायता राशि
बीते दिनों कटिहार के कोढा प्रखंड में बस और पिकअप की आमने-सामने हुई टक्कर के शिकार मृतकों के परिजनों को जिला प्रशासन द्वारा सहायता राशि उपलब्ध करा दी गयी है.
मुख्यमंत्री राहत कोष से कुल 35 लाख रुपये का किया गया वितरण
पूर्णिया. बीते दिनों कटिहार के कोढा प्रखंड में बस और पिकअप की आमने-सामने हुई टक्कर के शिकार मृतकों के परिजनों को जिला प्रशासन द्वारा सहायता राशि उपलब्ध करा दी गयी है. इस हादसे में जिले के 12 लोगों की मौत हो गयी थी, जबकि इसी दुर्घटना के शिकार जीएमसीएच में इलाजरत कटिहार के एक व्यक्ति की सोमवार को मृत्यु हो जाने के बाद यह संख्या बढ़कर 13 हो गयी. जिला प्रशासन ने इस घटना के सभी 13 मृतकों के परिजनों को दो दो लाख रुपये की सहायता राशि चेक के माध्यम से प्रदान की है. वहीं 18 घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए गये हैं. उक्त संबंध में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी देते हुए आपदा प्रबंधन विभाग अपर समाहर्ता सुजय कुमार सिंह ने बताया कि सभी मृतकों की पहचान के बाद उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से यह सहायता राशि प्रदान की गयी है. उन्होंने कहा कि इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री जी द्वारा सभी मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये अनुदान व घायलों को 50 हजार की राशि प्रदान करने की घोषणा की गयी थी. उसी आलोक में सभी मृतकों के परिजनों को चेक द्वारा दो दो लाख रुपये की सहायता अनुदान राशि बीडीओ के माध्यम से प्रदान किया गया. इसके अलावा जितने भी घायल थे उन्हें 50-50 हजार रुपये की राशि प्रदान की गयी. श्री सिंह ने बताया कि मृतकों की अंत्येष्टि के लिए कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत भी प्रखंड के माध्यम से सभी को राशि उपलब्ध करा दी गयी है. इसके अलावा सरकारी मदद के तौर पर जनवितरण की दुकान से पीड़ितों को राशन भी मुहैय्या कराया गया है. उन्होंने कहा कुल 35 लाख रुपये की सहायता राशि इस दुर्घटना के शिकार लोगों और उनके परिजनों के बीच वितरित किये गये हैं इसके अलावा आनेवाले दिनों में जिस प्रकार की सहायता आएगी उन्हें दिया जायेगा. इस मौके पर आपदा प्रबंधन विभाग के पदाधिकारी प्रणव कुमार भी उपस्थित थे.