पूर्णिया के भवानीपुर से रिपोर्ट :
भवानीपुर. पूर्णिया जिले के भवानीपुर थानाक्षेत्र में दुष्कर्म की शिकार हुई किशोरी बीती रात गंभीर हालत में भवानीपुर थाना पहुंची और थाना में बेहोश होकर गिर पड़ी. आननफानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया. घटना को लेकर पीड़ित पक्ष की ओर से दिये गये आवेदन के आधार पर भवानीपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. भवानीपुर थाना में पीड़िता के आवेदन पर प्रभारी थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कांड संख्या 141/26 दर्ज किया है. मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी अवर निरीक्षक मोनी कुमारी को सौंपी गई है. शनिवार को पीड़िता की हालत सुधरने पर अवर निरीक्षक मोनी कुमारी एवं महिला आरक्षी छोटी कुमारी ने पीड़िता को न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करायी. इस संबंध में अवर निरीक्षक मोनी कुमारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है. उन्होंने बताया कि दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित पक्ष ने बताया कि गांव निवासी मो नशीम के 21 वर्षीय पुत्र मो सूरज से उसकी पिछले एक वर्ष से फोन पर बातचीत होती थी. आरोपी ने उसे किसी जरूरी बात के बहाने घर से बाहर बुलाया. पीड़िता का कहना है कि सुनसान स्थान पर पहुंचने के बाद आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गया. पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद वह किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी.बेहोशी की हालत में पुलिस एंबुलेंस से ले गयी पूर्णिया
बताया गया कि उसकी मां उस समय अपने मायके गई हुई थीं. घटना की सूचना मिलने पर वह घर लौटीं और बीती रात बेटी को लेकर थाना पहुंचीं. शिकायत दर्ज कराने भवानीपुर थाना पहुंचने के बाद पीड़ित कीकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह थाना परिसर में बेहोश होकर गिर पड़ी. इसके बाद अवर निरीक्षक मोनी कुमारी, महिला आरक्षी छोटी कुमारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया. पुलिसकर्मियों की निगरानी में एंबुलेंस से उसे पूर्णिया ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसे वापस लाया गया.
