Purnia News: पूर्णिया. अमर बाल शहीद ध्रुव कुंडू की शहादत को स्मरण करते हुए गुरुवार 13 अगस्त की सुबह 7 बजे ध्रुव उद्यान पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम में उनके बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे. आयोजकों ने पूर्णिया के लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर अमर शहीद को नमन करने की अपील की है.
13 वर्ष की उम्र में दी थी शहादत
बताया गया कि ध्रुव कुंडू 13 अगस्त 1942 को भारत की आजादी के आंदोलन के दौरान ब्रिटिश पुलिस की गोलीबारी में शहीद हुए थे. उस समय उनकी उम्र महज 13 वर्ष थी. कम उम्र में देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए उनके बलिदान को आज भी क्षेत्र के लोग श्रद्धा के साथ याद करते हैं.
स्थानीय शहीदों की स्मृतियां जीवित रखना जरूरी
सामाजिक कार्यकर्ता एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के शोधार्थी शौर्य राय ने बताया कि ध्रुव कुंडू पूर्णिया अंचल के उन वीर सपूतों में शामिल हैं, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. उन्होंने कहा कि स्थानीय शहीदों की स्मृतियों को जीवित रखना केवल स्वतंत्रता दिवस या किसी विशेष अवसर तक सीमित नहीं होना चाहिए. आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना सामूहिक जिम्मेदारी है.
पार्क में प्रतिमा और स्थायी जानकारी-पट्ट लगाने की मांग
स्थानीय लोगों की ओर से ध्रुव उद्यान पार्क में अमर बाल शहीद ध्रुव कुंडू की प्रतिमा, स्मारिका अथवा स्थायी जानकारी-पट्ट स्थापित करने की मांग भी उठाई जा रही है. लोगों का कहना है कि इससे पार्क में आने वाले लोगों और विशेषकर युवाओं को उनके जीवन, संघर्ष और बलिदान के बारे में जानकारी मिल सकेगी.
स्थानीय नायकों को सार्वजनिक स्मृति में मिले स्थान
शौर्य राय ने कहा कि पूर्णिया और आसपास के स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को भी उनके योगदान के अनुरूप सम्मान और स्मृति में स्थान मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्थानीय इतिहास और स्थानीय नायकों को सार्वजनिक स्मृति का हिस्सा बनाना जरूरी है, ताकि युवाओं को अपने क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास की जानकारी मिल सके.
सुबह 7 बजे कार्यक्रम में पहुंचने की अपील
Purnia News: शौर्य राय ने पूर्णिया के लोगों से अपील की कि वे गुरुवार 13 अगस्त को सुबह 7 बजे ध्रुव उद्यान पार्क पहुंचकर अमर बाल शहीद ध्रुव कुंडू को श्रद्धांजलि अर्पित करें और उनके बलिदान को नमन करें.
