Purnia Road Accident: पूर्णिया/हरदा से विकास वर्मा और छोटेलाल शर्मा की रिपोर्ट. पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र स्थित एनएच-31 पर मेहता चौक के समीप सोमवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. गेड़ाबाड़ी की ओर से आ रही कोल्ड ड्रिंक्स लदी एक तेज रफ्तार पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में हरदा पंचायत निवासी 30 वर्षीय गुड़िया कुमारी की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गयी और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
बकरी लाने निकली थी महिला, अचानक पलटी गाड़ी
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका गुड़िया कुमारी सड़क किनारे बंधी अपनी बकरी को घर लाने जा रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो पिकअप वैन अनियंत्रित हो गयी और सीधे महिला की ओर पलट गयी.
हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले महिला वाहन की चपेट में आ चुकी थी. स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकालने की कोशिश की और इलाज के लिए जीएमसीएच पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पति की मौत के बाद मायके में रह रही थी गुड़िया
मृतका के भाई बबलू ने बताया कि गुड़िया कुमारी के पति की काफी पहले मौत हो चुकी थी. इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही थी. परिवार का कहना है कि वह घर के पास ही बकरी को लाने गयी थी, तभी यह हादसा हो गया.
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि गुड़िया शांत स्वभाव की महिला थी और परिवार की जिम्मेदारियों को संभाल रही थी.
मौके पर पहुंची पुलिस, चालक फरार
हादसे की सूचना मिलते ही मरंगा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. वहीं स्थानीय लोगों ने एनएच-31 पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है.
तेज रफ्तार पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-31 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों की वजह बनती है.
लोगों ने प्रशासन से सड़क पर निगरानी बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
Also Read: जीतनराम मांझी की समधन के काफिले पर हमला, बाल-बाल बची ज्योति मांझी, जानिए क्या है पूरा मामला…
