Seva Samvad Samadhan: पूर्णिया समाहरणालय स्थित प्रज्ञान सभागार में सोमवार को सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने की. इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित 21 आवेदन प्रस्तुत किए. डीएम ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
21 आवेदनों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, सरकारी योजनाओं का लाभ, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, प्रमाण पत्र और अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए. जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए.
अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर भी सुनी गईं शिकायतें
Seva Samvad Samadhan: जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी अनुमंडलों, प्रखंडों और संबंधित विभागीय कार्यालयों में भी अधिकारी मौजूद रहे. वहां पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई. जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े.
हर सोमवार और शुक्रवार को होता है आयोजन
जिला प्रशासन के अनुसार सेवा-संवाद-समाधान कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को नियमित रूप से किया जाता है. यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय के अलावा अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर पर भी संचालित होता है. इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है.
जनसमस्याओं के समाधान को प्रशासन की प्राथमिकता
डीएम अंशुल कुमार ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और सरकारी सेवाओं का लाभ मिले. इसके लिए सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
और पढ़ें : 26 महीने से मानदेय नहीं, नल-जल योजना के संचालकों का फूटा गुस्सा, दी आंदोलन की चेतावनी
