पूर्णिया. विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल, परोरा स्थित रमेश विजयलक्ष्मी मेमोरियल स्टेडियम में आयोजित कॉरपोरेट सुपर लीग-2026 का भव्य समापन हुआ. खेल, उत्साह और प्रतिस्पर्धा से भरपूर टी-15 सॉफ्ट बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में विभिन्न कॉरपोरेट संस्थानों, सरकारी विभागों, मीडिया संस्थानों और अन्य संगठनों की कुल 22 टीमों ने भाग लिया.
मीडिया इलेवन ने 213 रन का विशाल स्कोर बनाया
ग्रैंड फाइनल में मीडिया इलेवन और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की टीमें आमने-सामने थीं. पहले बल्लेबाजी करते हुए मीडिया इलेवन ने शानदार प्रदर्शन किया और निर्धारित 15 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 213 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. मीडिया इलेवन के बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और विपक्षी टीम के सामने 214 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा.
103 रन पर ऑल आउट हुई आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की टीम
214 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रयास किया, लेकिन मीडिया इलेवन की प्रभावी गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण के सामने टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी. आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की पूरी टीम 12.1 ओवर में 103 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. इसके साथ ही मीडिया इलेवन ने 110 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज करते हुए कॉरपोरेट सुपर लीग-2026 का चैंपियन खिताब अपने नाम कर लिया.
पीयूष चावला ने फीता काटकर किया फाइनल का उद्घाटन
कॉरपोरेट सुपर लीग-2026 के बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फाइनल का उद्घाटन भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी पीयूष चावला ने फीता काटकर किया. उनके आगमन से खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला.
अंतिम चरण के मुकाबले भी रहे रोमांचक
प्रतियोगिता के अंतिम चरण में महिंद्रा फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें महिंद्रा फाइनेंस ने 36 रनों से जीत दर्ज की. वहीं आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने टीचर्स इलेवन को 70 रनों से पराजित किया. दूसरी ओर मीडिया इलेवन ने डीटीओ टीम को छह विकेट से हराकर ग्रैंड फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की.
आयोजन को सफल बनाने में कई लोगों की रही भूमिका
इस खेल आयोजन के सफल संचालन में विद्या विहार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सचिव इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा का विशेष मार्गदर्शन और सहयोग रहा. प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं सुचारु संचालन में आशीष झा, भास्कर दुबे, अमित लकड़ा, सदाब अकरम और मनीष कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. ग्रैंड फाइनल मुकाबले में मोनू और विवेक ने अंपायर की जिम्मेदारी निभाई, जबकि प्रिंस पटेल ने स्कोरर की भूमिका निभाई.
