पूर्णिया आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी, रोजाना 10 फ्लाइट से हो रहा संचालन

Purnia Airport Update: पूर्णिया एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है. खास बात यह है कि पिछले कुछ दिनों से यहां आने वाले यात्रियों की संख्या जाने वालों से ज्यादा दर्ज की जा रही है.

Purnia Airport Update: पूर्णिया से सत्येन्द्र सिन्हा गोपी की रिपोर्ट . पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है. 16 मई 2026 को एयरपोर्ट पर कुल 10 विमानों का आवागमन दर्ज किया गया. इस दौरान 501 यात्री पूर्णिया पहुंचे, जबकि 467 यात्रियों ने यहां से विभिन्न शहरों के लिए उड़ान भरी. कुल मिलाकर एक दिन में 968 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई. एयरपोर्ट संचालन शुरू होने के बाद सीमांचल क्षेत्र में हवाई यात्रा का दायरा तेजी से बढ़ा है.

आने वाले यात्रियों की संख्या रही अधिक

हाल के दिनों में पूर्णिया एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की संख्या लगातार अधिक देखी जा रही है. शुक्रवार को भी आगमन यात्रियों की संख्या 501 रही, जबकि प्रस्थान करने वाले यात्रियों की संख्या 467 दर्ज की गई. एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार क्षेत्र में बढ़ती कनेक्टिविटी और व्यवसायिक गतिविधियों के कारण यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो रही है.

रोजाना पांच शहरों से जुड़ रहा पूर्णिया

वर्तमान में पूर्णिया एयरपोर्ट से स्टार एयर और इंडिगो की नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं. अहमदाबाद, कोलकाता, दिल्ली और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध है. एयरपोर्ट से प्रतिदिन पांच आगमन और पांच प्रस्थान उड़ानें संचालित की जा रही हैं.

यह है एयरपोर्ट का मौजूदा फ्लाइट शेड्यूल

स्टार एयर की फ्लाइट सुबह अहमदाबाद से 8:45 बजे पूर्णिया पहुंचती है और दोपहर 1:05 बजे वापस अहमदाबाद के लिए रवाना होती है. वहीं कोलकाता से आने वाली फ्लाइट 12:25 बजे पहुंचती है और सुबह 9:25 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरती है. इंडिगो की फ्लाइटें कोलकाता, दिल्ली और हैदराबाद रूट पर नियमित रूप से संचालित हो रही हैं.

पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन

पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर 2025 को किया था. उद्घाटन के बाद से यात्रियों की मांग और जरूरत के अनुसार उड़ानों की संख्या बढ़ाई गई है. एयरपोर्ट शुरू होने से सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है.

Also Read: बिहार में आधी रात चली तबादला एक्सप्रेस, 54 DSP समेत 34 राजस्व अधिकारियों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >