Purnia Mandi Update: पूर्णिया से अखिलेश चंद्रा की रिपोर्ट. गुलाबबाग मंडी में शनिवार को मक्का समेत सभी प्रमुख जिंसों की सामान्य आवक दर्ज की गई. हालांकि अन्य दिनों की तुलना में बिकवाली कमजोर रहने से बाजार में खास हलचल नहीं दिखी. मौसम अनुकूल रहने के बावजूद व्यापारियों और किसानों के बीच खरीद-बिक्री का रुख धीमा रहा. मंडी में मक्का के दाम स्थिर रहे, जबकि दलहन और तेलहन बाजार में भी मंदी का असर देखने को मिला.
मक्का के दाम में नहीं हुआ बड़ा बदलाव
गुलाबबाग मंडी में मक्का की बेस्ट क्वालिटी का भाव 2000 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा, जबकि निचली क्वालिटी का मक्का 1900 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास बिका. कारोबारियों का कहना है कि आवक सामान्य होने के बावजूद खरीदारों की सक्रियता कम रही, जिससे बाजार में तेजी नहीं बन सकी.
दाल और तेलहन बाजार में सुस्ती
शनिवार को दलहन और तेलहन के बाजार में भी नरमी का माहौल रहा. अरहर दाल का अधिकतम भाव 14500 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया, जबकि मसूर और चना दाल के दाम में स्थिरता बनी रही. सरसों काला और पीला दोनों के भाव भी लगभग पुराने स्तर पर टिके रहे. व्यापारियों के अनुसार मांग कमजोर रहने के कारण बाजार में खास उछाल नहीं दिखा.
चावल बाजार में स्थिरता कायम
चावल बाजार में भी कोई बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया. मंसूरी चावल का भाव 3400 रुपये प्रति क्विंटल तक रहा, जबकि बासमती चावल 13000 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका. अरवा मोटा चावल के दाम भी स्थिर बने रहे. कारोबारियों का कहना है कि फिलहाल बाजार में संतुलन बना हुआ है.
सब्जियों के भाव भी नियंत्रित
आलू और प्याज के दाम भी शनिवार को नियंत्रण में रहे. आलू 1200 से 1400 रुपये प्रति क्विंटल और प्याज 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका. वहीं लहसून का भाव गुणवत्ता के अनुसार 5300 से 9000 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया.
Also Read: बिहार में आधी रात चली तबादला एक्सप्रेस, 54 DSP समेत 34 राजस्व अधिकारियों का ट्रांसफर, देखें लिस्ट
