Purnia Road Accident: पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट. सरसी थाना क्षेत्र के कचहरी बलुआ के समीप रविवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए. हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही सरसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा गया.
शिव चर्चा कार्यक्रम में जा रहे थे बाइक सवार
घटना में घायल बाइक सवार चलितर ऋषि ने बताया कि वे बनमनखी में आयोजित एक ‘शिव चर्चा’ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सड़क पर दूर तक घिसट गईं.
खून से लथपथ हालत में पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची सरसी थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल लोग खून से लथपथ हालत में सड़क पर पड़े थे.
एक घायल की हालत चिंताजनक
पुलिस के अनुसार गंभीर रूप से घायल युवक उफरैल गांव का निवासी बताया जा रहा है. डॉक्टरों ने उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बताई है. अन्य दो घायलों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
तेज रफ्तार पर फिर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग उठाई है. लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर तेज गति से बाइक चलाने के कारण हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है.
Also Read: सचिवालय कर्मियों के लिए 18 मई से शुरू होगी बस सेवा, जानें रूट और टाइमिंग की पूरी जानकारी
