पूर्णिया विवि के अंकपत्र में मुंबई यूनिवर्सिटी का लोगो, तकनीकी चूक से मचा बवाल

पूर्णिया विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर (पीजी) सेमेस्टर-1 के अंकपत्र में एक बड़ी गड़बड़ी सामने आई है, जहां पूर्णिया विश्वविद्यालय के लोगो की जगह मुंबई यूनिवर्सिटी का लोगो छप गया है। इस गलती के कारण छात्रों में भविष्य को लेकर चिंता का माहौल है।

पूर्णिया से अभिषेक भास्कर की रिपोर्ट

पूर्णिया. हाल ही में बीपीएससी में चयनित एक छात्र को फेल घोषित करने के मामले को लेकर चर्चा में रहे पूर्णिया विश्वविद्यालय का एक और मामला सामने आया है. इस बार विश्वविद्यालय द्वारा जारी स्नातकोत्तर (पीजी) सेमेस्टर-1 के अंकपत्र में पूर्णिया विश्वविद्यालय के बजाय मुंबई यूनिवर्सिटी का प्रतीक चिह्न (लोगो) छप गया. मामला सामने आने के बाद छात्र-छात्राओं में भ्रम और चिंता का माहौल बन गया.

प्रमुख बातें

  1. पूर्णिया विश्वविद्यालय के पीजी सेमेस्टर-1 के अंकपत्र में मुंबई यूनिवर्सिटी का लोगो छपा.
  2. अंकपत्र मिलने के बाद छात्र-छात्राओं में भ्रम और चिंता का माहौल.
  3. छात्रों ने भविष्य में दस्तावेज की वैधता को लेकर जताई चिंता.
  4. परीक्षा नियंत्रक ने तकनीकी एजेंसी की चूक बताया.
  5. विश्वविद्यालय ने संशोधित अंकपत्र जारी करने की बात कही.

पीजी के अंकपत्र में मिला दूसरे विश्वविद्यालय का लोगो

जानकारी के अनुसार, स्नातकोत्तर सेमेस्टर-1 (सत्र 2025-26, दिसंबर रेगुलर) के अंकपत्र में पूर्णिया विश्वविद्यालय के आधिकारिक लोगो की जगह मुंबई यूनिवर्सिटी का लोगो अंकित था. अंकपत्र मिलने के बाद जब छात्रों ने इसे देखा तो पहले हैरानी हुई. सोशल मीडिया और इंटरनेट पर जांच करने के बाद पता चला कि यह लोगो मुंबई यूनिवर्सिटी का है.

भविष्य को लेकर चिंतित हुए छात्र

छात्र-छात्राओं का कहना है कि अंकपत्र जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज में इस तरह की गलती उनके भविष्य में परेशानी का कारण बन सकती है. इसे लेकर उन्होंने विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग से तत्काल सुधार की मांग की.

परीक्षा नियंत्रक ने माना तकनीकी चूक

पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अमरकांत सिंह ने बताया कि समर्थ (Samarth) पोर्टल से जुड़े दिल्ली स्थित तकनीकी एजेंसी की त्रुटि के कारण पूर्णिया विश्वविद्यालय के लोगो की जगह दूसरे विश्वविद्यालय का लोगो अंकित हो गया था. उन्होंने कहा कि गलती को सुधार लिया गया है और संशोधित अंकपत्र जारी किए जा रहे हैं. छात्र-छात्राएं नया अंकपत्र प्राप्त कर सकते हैं.

और पढ़ें : 95 वर्षों से आस्था का केंद्र है रजीगंज दुर्गा मंदिर, नवरात्र में उमड़ता है श्रद्धालुओं का सैलाब


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >