Purnia Road Accident: पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र स्थित खगजना पुल के पास रविवार शाम हुए सड़क हादसे में अमौर के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर किया गया. पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुट गई है.
खगजना पुल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे अमौर थाना क्षेत्र के बड़ाईदगाह पंचायत अंतर्गत बहुरा गांव के वार्ड संख्या-11 निवासी सोनू और शाहनवाज किसी काम से जा रहे थे. इसी दौरान कसबा थाना क्षेत्र के खगजना पुल के समीप तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाई अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा. डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.
सीसीटीवी फुटेज से चालक की तलाश
कसबा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके. मामले में अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे
Purnia Road Accident: गांव में चिंता का माहौल
हादसे की खबर मिलते ही बहुरा गांव और आसपास के क्षेत्र में चिंता का माहौल है. पूर्व सरपंच जैनुल आबेदीन भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरार चालक की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: सुपौल-दरभंगा NH कॉरिडोर को मिली मंजूरी, मिथिलांचल और सीमांचल के बीच बनेगा नया हाईवे, इन जिलों को होगा फायदा
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
