कटिहार : जिले के फुलवरिया की रहने वाली एक महिला खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण गंभीर रूप से झुलस गई. परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.
खाना बनाते समय हुआ हादसा
परिजनों ने बताया कि महिला रोज की तरह रसोई में खाना बना रही थी. इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा. जब तक वह कुछ समझ पाती, तब तक रसोई में आग भड़क उठी और वह उसकी चपेट में आ गई. महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके बाद उसे तत्काल जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया.
70 से 80 फीसदी तक झुलसी महिला
जीएमसीएच पूर्णिया के चिकित्सकों के अनुसार आग की लपटों से महिला का शरीर करीब 70 से 80 प्रतिशत तक झुलस गया है. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बनी रही. गहरे जख्म और बिगड़ती स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद पीड़िता के परिवार में कोहराम मच गया है. परिजन महिला के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं. चिकित्सकों ने बताया कि महिला की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है.
और पढ़ें : जनगणना 2027 की तैयारी तेज, क्षेत्र अधिकारियों का संशोधित प्रशिक्षण आज से
