पूर्णिया में इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी सौगात, कसबा प्रखंड कार्यालय के मॉडल भवन का शिलान्यास, जिले को मिलीं ₹510.99 करोड़ की योजनाएं

Kasba Block Office Model Building: पूर्णिया के विकास को एक नई रफ्तार मिलने जा रही है. अब सुदूर ग्रामीण इलाकों से आने वाले आम नागरिकों को अपने अंचल और प्रखंड से जुड़े कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि करोड़ों की लागत से एक ही छत के नीचे अत्याधुनिक सुविधाएं मिलने वाली हैं.

Kasba Block Office Model Building: पूर्णिया के कसबा से अक्षय कुमार की रिपोर्ट: जनता को प्रशासनिक कार्यों में बड़ी सहूलियत देने के उद्देश्य से पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के नए मॉडल भवन का भव्य शिलान्यास किया गया. ₹16.621 करोड़ की भारी लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक तीन मंजिला (ग्राउंड फ्लोर, प्रथम और द्वितीय तल) भवन सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों और पंचायतों से आने वाली आम जनता को एक ही छत के नीचे सभी बेहतरीन सुविधाएं मुहैया कराएगा.

नीतीश-सम्राट सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध: लेशी सिंह

शिलान्यास समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि नीतीश-सम्राट सरकार पूरे जिले के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने घोषणा की कि केवल कसबा ही नहीं, बल्कि पूर्णिया पूर्व, धमदाहा, अमौर, बनमनखी और बैसा सहित पूरे जिले में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है ताकि आम लोगों का जीवन आसान हो सके.

जिले भर में ₹510.99 करोड़ की लागत से स्वीकृत हुईं 44 योजनाएं

भवन निर्माण मंत्री ने विभाग की बड़ी उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पूर्णिया जिले के लिए करीब 5 अरब 10 करोड़ 99 लाख 77 हजार रुपये (₹510.99 करोड़ से अधिक) की लागत से कुल 44 महत्वपूर्ण योजनाओं की स्वीकृति दी गई है. इनमें से कई बड़ी योजनाओं पर धरातल पर काम शुरू हो चुका है, जबकि कुछ पर जल्द ही काम शुरू होने जा रहा है. इन स्वीकृत योजनाओं के तहत अनुमंडल स्तर पर आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त न्यायालय भवनों का निर्माण भी शामिल है.

विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: विधायक नितेश सिंह

समारोह के दौरान स्थानीय विधायक नितेश सिंह की कर्मठता की जमकर सराहना की गई. कसबा विधायक नितेश सिंह ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में उन्हें बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह का निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग मिल रहा है. विधायक ने कहा कि जब भी क्षेत्र के विकास के लिए उन्हें किसी विषय पर सलाह लेनी होती है, तो वे मंत्री लेशी सिंह की राय लेते हैं. उनके मार्गदर्शन से क्षेत्र में निरंतर बड़े विकास कार्य आकार ले रहे हैं.

इस भव्य कार्यक्रम का मंच संचालन सुजीत कुमार पप्पू ने किया और अध्यक्षता जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुमन झा ने की. इस ऐतिहासिक मौके पर जदयू प्रदेश महासचिव आशीष कुमार बब्बू, भाजपा जिला मंत्री संजय कुमार मिर्धा, प्रशांत झा, अविनाश सिंह, बमबम साह सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद थे.

Also Read: बारूद से बहार तक, 59 साल बाद कितनी बदल गई नक्सलवाद को जन्म देने वाली ‘नक्सलबाड़ी’ की धरती

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >