निगम क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक प्रमुख स्थलों पर बनेंगा ग्रीन पार्क

महापौर की अध्यक्षता में हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लगी मुहर

महापौर की अध्यक्षता में हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लगी मुहर पूर्णिया. महापौर विभा कुमारी की अध्यक्षता में शनिवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक हुई. बैठक में उप महापौर, सशक्त स्थायी समिति के सभी पदेन सदस्य, उप नगर आयुक्त के साथ पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों, विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा उनपर की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गयी. इस दौरान महापौर ने लंबित पड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया. बैठक की शुरुआत नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रारूप पर विस्तारपूर्वक चर्चा के साथ हुई. इसमें सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम सहित शहर के सभी विकासपरक कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया. बैठक में नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत जेल चौक, थाना चौक एवं सर्किट हाउस के समीप स्थित ग्रीन जोन पार्क के रख-रखाव एवं मेंटनेंस पर भी चर्चा हुई.बताया गया कि पॉलिटेक्निक चौक एवं मिलनपाड़ा में ग्रीन जोन पार्क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है तथा कार्य प्रगति पर है.वहीं पॉलिटेक्निक चौक स्थित ग्रीन जोन पार्क निर्माण के लिए आरसीडी को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) हेतु प्रस्ताव भेजा गया है. एनओसी प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा. इसके अलावा लॉ कॉलेज एवं समाहरणालय परिसर में स्थित तालाबों के सौंदर्यीकरण का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया. बैठक के दौरान समिति के पदेन सदस्यों ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में ग्रीन जोन पार्क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण को लेकर प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई. जिन प्रमुख स्थलों पर ग्रीन जोन पार्क बनाने का निर्णय लिया गया, उनमें मुख्य रूप से वार्ड संख्या 9 में मुर्गी फार्म एवं बिंद टोला दुर्गा मंदिर, वार्ड संख्या 11 में मध्य विद्यालय उफरैल के सामने एवं विकासनगर एनएच-31 के सामने, वार्ड संख्या 21 में बाड़ीहाट मध्य विद्यालय के सामने, वार्ड संख्या 14 में हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र, वार्ड संख्या 37 में गुलाबबाग नाका के समीप, वार्ड संख्या 46 में कालीगंज दुर्गा मंदिर परिसर, वार्ड संख्या 33 में दरगाह शरीफ या नवाब टोला, वार्ड संख्या 10 में उफरैल सुधा डेयरी के बगल में, आरएन साह चौक के समीप पूर्व विधायक अजित सरकार की प्रतिमा के निकट शामिल हैं. इन सभी स्थानों पर सरकारी भूमि चिन्हित कर शीघ्र आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया गया. साथ ही शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर भी सरकारी जमीन चिन्हित कर ग्रीन जोन पार्क एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाने का निर्णय लिया गया. बैठक में इसके अतिरिक्त शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं नगर के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी सहमति बनी. बैठक में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, सशक्त स्थायी समिति के पदेन सदस्य ममता सिंह, आशा महतो, कमली देवी, मुर्शीदा खातुन, कुमारी खुशबू, स्वपन घोष, प्रदीप जायसवाल, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन, आरके झा, प्रधान सहायक उमेश यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >