– एसडीओ ने संचालकों के साथ की बैठक
धमदाहा. पूर्णिया जिले के धमदाहा अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय के सभाकक्ष में पेट्रोल पंप संचालकों, होटल संचालकों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.बैठक का मुख्य उद्देश्य अनुमंडल क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग स्टेशन की संख्या बढ़ाना और आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करना था.चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार जरूरी
बैठक में विभिन्न पेट्रोल पंपों, ढाबों, शॉपिंग मॉल, मल्टी लेवल पार्किंग, परिवहन केंद्रों एवं अन्य व्यावसायिक परिसरों में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ेगी, इसलिए अभी से चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार जरूरी है.उन्होंने संचालकों को अपने परिसरों में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे न केवल लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी आय के नए अवसर सृजित होंगे. बैठक में चार्जिंग स्टेशन स्थापना से जुड़ी तकनीकी आवश्यकताओं, सुरक्षा मानकों एवं सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं की भी जानकारी दी गई.
