Purnia Public Grievance: Purnia Public Grievance: 'पूर्णिया. जिला मुख्यालय स्थित प्रज्ञान सभागार में सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत "सबका सम्मान–जीवन आसान" कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
47 फरियादियों ने रखीं अपनी समस्याएं
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से आए कुल 47 फरियादियों ने आवेदन के माध्यम से अपनी शिकायतें एवं समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं. डीएम ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक अवलोकन किया और संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से कहा कि प्राप्त सभी शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी.
अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर भी हुई सुनवाई
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल, प्रखंड एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहे. उन्होंने स्थानीय स्तर पर लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
हर सप्ताह आयोजित होता है कार्यक्रम
Purnia Public Grievance: जिला प्रशासन ने बताया कि सेवा-संवाद-समाधान अनुश्रवण प्रणाली के तहत यह कार्यक्रम प्रत्येक सप्ताह जिला मुख्यालय, अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर पर नियमित रूप से आयोजित किया जाता है. इसका उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है.
