जमीन निबंधन शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर आखिरी दिन निबंधन कार्यालय में उमड़ी भीड़

पूर्णिया

पूर्णिया. अप्रैल माह से संभावित जमीन निबंधन शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर मंगलवार को जिला निबंधन कार्यालय में दिनभर लोगों की भारी भीड़ नजर आयी. बजट सत्र का आखिरी दिन 31 मार्च होने की वजह से सामान्य दिनों की तुलना में दुगने- तिगुने लोग वहां उपस्थित थे. हालांकि जमीन की बिक्री एवं जमीन की खरीद करने आये लोगों को निबंधन कार्यालय के विभिन्न काउंटरों पर निबंधन की प्रक्रिया में मदद के लिए वहां उद्घोषणा की व्यवस्था की गयी थी बावजूद इसके विभिन्न काउंटरों पर कतारों के अलावा लोग बाग़ अपने कार्यों को लेकर भीड़ लगाए थे. अपनी जमीन की रजिस्ट्री कराने आये अनेक लोगों ने बताया कि मार्च क्लोजिंग की वजह से उनके द्वारा पूर्व से ही निबंधन राशि का चालान जमा कर दिया गया था और निबंधन से सम्बंधित दस्तावेज एवं जरुरी कागजातें तैयार करवा ली गयी थी और सवेरे ही कार्यालय आकर नंबर लगा दिया गया. वहीं कुछ लोगों का कहना था कि एक अप्रैल से जमीन निबंधन शुल्क में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए उनके द्वारा जमीन निबंधन कराने में जल्दबाजी की गयी और रजिस्ट्री के लिए परिजनों को बाहर से बुला लिया गया था. हालांकि निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय में लगभग सभी स्थानों पर कार्य की गति तेज रही और इस दरम्यान निबंधन कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में स्त्री, पुरुष और बुजुर्ग अपनी बारी का इन्तजार करते नजर आये. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जमीन के निबंधन शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर अभी तक कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है और इसकी तिथि के आगे बढाये जाने की भी संभावना है.

15 मार्च से ही बढ़ने लगी थी भीड़

मिली जानकारी के अनुसार जिला निबंधन कार्यालय में मार्च माह के शुरू होने के साथ ही क्रमवार लोगों द्वारा जमीनों के निबंधन कराये जाने की गति में तेजी आनी शुरू हो गयी थी जो आखिरी मार्च के आते आते लगभग दुगनी से ज्यादा हो गयी. बताया जाता है कि पूर्व में जहां प्रतिदिन अमूमन 150 से लेकर 200 की संख्या में जमीन निबंधन का कार्य चल रहा था वो आधा मार्च बीत जाने के बाद प्रतिदिन 200 की सीमा को पार कर गयी और यह आखिरी मार्च आते आते प्रतिदिन 350 निबंधन से भी आगे बढ़ गयी.

बोले अधिकारी

मार्च महीने का अंतिम दिन होने की वजह से जमीन रजिस्ट्रेशन कराने वालों की भीड़ बढी है. कार्यालय द्वारा प्रत्येक स्तर पर जांच के बाद सुगमता पूर्वक रजिस्ट्रेशन सम्बन्धी कार्य का निष्पादन किया जा रहा है. लोगों की सहूलियत के लिए क्रमवार सभी को बुलाया जा रहा है.

उमाशंकर मिश्रा, जिला निबंधन पदाधिकारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SATYENDRA SINHA

SATYENDRA SINHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >