पूर्णिया से विकास वर्मा की रिपोर्ट.
पूर्णिया जिले के दीवानगंज के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ऑटो चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑटो अनियंत्रित होकर हाईवे के बीच बने डिवाइडर से टकरा गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.
मृतक की पहचान कटिहार जिले के रौतारा निवासी स्वर्गीय सुगन मंडल के पुत्र बबलू मंडल के रूप में हुई है.
हादसे के बाद हाईवे एम्बुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के अनुसार बबलू मंडल ऑटो लेकर दीवानगंज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे थे. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.
स्थानीय लोगों की सूचना पर हाईवे एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पूर्णिया में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
परिजनों ने हादसे पर जताया संदेह
मृतक के परिजनों ने हादसे को लेकर संदेह जताया है. उनका कहना है कि यदि ऑटो डिवाइडर से टकराया होता तो वाहन पर स्पष्ट क्षति या खरोंच के निशान होने चाहिए थे. परिजनों का दावा है कि ऑटो लगभग सुरक्षित है. ऐसे में उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
पुलिस ने शुरू की जांच
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
प्रमुख बातें
- दीवानगंज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑटो चालक की मौत हुई.
- मृतक की पहचान कटिहार के रौतारा निवासी बबलू मंडल के रूप में हुई.
- प्रारंभिक जानकारी में ऑटो के डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई.
- परिजनों ने घटना पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की.
- पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें : पूर्णिया पुलिसिंग में बड़ा बदलाव, 15 जुलाई तक बंद होंगे शहर के अधिकांश टीओपी
