प्रतिनिधि, अमौर (पूर्णिया). अमौर नगर पंचायत के तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार की निगरानी विभाग द्वारा जमुई जिले में की गई गिरफ्तारी के बाद अमौर में चर्चा का दौर जारी है. जैसे ही नगर पंचायत कार्यालय खुला, कर्मियों से लेकर आम जनता के बीच केवल इसी कार्रवाई की चर्चा होती रही. वर्तमान में जमुई जिले के सिकंदरा नगर पंचायत में पदस्थापित संतोष कुमार को गिरफ्तार किया गया है. संतोष कुमार की पहली पोस्टिंग जून 2024 में अमौर नगर पंचायत में कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में हुई थी. सितंबर 2025 में तबादला होने से पहले लगभग सवा साल के कार्यकाल के दौरान वे अक्सर चर्चा में रहे. स्थानीय लोगों और कर्मियों के बीच इस बात की चर्चा है कि अमौर में पदस्थापन के दौरान भी एक समय तो स्थिति ऐसी बन गई थी कि उनके खिलाफ घेराव और प्रदर्शन की तैयारी कर ली गई थी, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था. निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद अमौर नगर पंचायत क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से सरकारी तंत्र में पारदर्शिता आएगी. उनके कार्यकाल के दौरान अमौर नगर पंचायत में कई महत्वपूर्ण कार्य भी हुए थे, जिनमें नगर क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट लगवाना और पेयजल की सुविधा के लिए जगह-जगह पानी के टैंक रखवाना शामिल था. लेकिन इन विकास कार्यों की चमक भ्रष्टाचार के आरोपों के आगे फीकी पड़ गई. चर्चा है कि देर सवेर उनके पूर्व स्थान अमौर में भी निगरानी विभाग जांच के लिए आ सकता है.
अमौर नपं के पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी की गिरफ्तारी की दिनभर रही चर्चा
अमौर
